अडानी समूह ने ऑस्ट्रेलिया में कोयला खनन से 1 बिलियन डॉलर का राजस्व अर्जित किया, लेकिन नहीं देगा कोई कॉर्पोरेट टैक्स

अडानी उद्योग समूह, पिछले एक वर्ष में क्वींसलैंड (ऑस्ट्रेलिया) में कोयला खनन से लगभग $1 बिलियन (करीब 9,500 करोड़ रुपये) का राजस्व अर्जित करने के बावजूद कोई कंपनी टैक्स नहीं देगा.

‘द गार्डियन’ में जोनाथन बैरेट की रिपोर्ट के अनुसार, कार्माइक्ल थर्मल कोल परिचालन ने 31 मार्च तक के 12 महीनों में अपने $963.5 मिलियन (करीब 9,100 करोड़ रुपये) के राजस्व की भरपाई करने के लिए बड़े खर्चों—जिसमें उत्पादन और संबंधित पक्षों के लॉजिस्टिक्स खर्च शामिल हैं—का उपयोग किया. इसके परिणामस्वरूप वर्ष के लिए $340.6 मिलियन (करीब 32 अरब रुपये) का घाटा दर्ज किया गया, जिससे इसका टैक्स बिल पूरी तरह समाप्त हो गया.

कंपनी के खातों के 'गार्डियन ऑस्ट्रेलिया' द्वारा किए गए विश्लेषण से पता चलता है कि 2021 में शुरू होने के बाद से इस खनन परियोजना ने कभी भी कॉर्पोरेट टैक्स नहीं चुकाया है, भले ही अतीत में अडानी ने वादा किया था कि यह परिचालन अर्थव्यवस्था में करों और रॉयल्टी के रूप में अरबों डॉलर का योगदान देगा.

अडानी माइनिंग के खातों से पता चलता है कि उसने 12 महीने की अवधि में रॉयल्टी के रूप में $58 मिलियन का भुगतान किया. रॉयल्टी राज्य के स्वामित्व वाले खनिजों को निकालने के लिए सरकारों को दिया जाने वाला भुगतान है. अडानी ने एक संबंधित पक्ष को भी $33.1 मिलियन की रॉयल्टी का भुगतान किया.

पूर्व इनवेस्टमेंट बैंकर और क्लाइमेट एनर्जी फाइनेंस के निदेशक टिम बकले ने कहा कि कंपनी की संरचना इस तरह बनाई गई थी कि वह ऑस्ट्रेलिया में कॉर्पोरेट टैक्स न चुकाए. टिम बकले, जो ऐसे बदलावों की वकालत करते हैं जो टैक्स कम करने के लिए किसी व्यवसाय द्वारा की जाने वाली कटौती की सीमा तय करते हैं, ने कहा:

"यह इस बात का एक आदर्श उदाहरण है कि ऑस्ट्रेलिया को नए नियमों की आवश्यकता क्यों है जो यह सुनिश्चित करें कि विदेशी संस्थाओं के पास एक समझदारी भरी पूंजीगत संरचना हो."

मध्य क्वींसलैंड के गैलिली बेसिन में अडानी की परियोजना की मंजूरी का कड़ा विरोध हुआ था, जिससे थर्मल कोयला निष्कर्षण के एक नए क्षेत्र की शुरुआत हुई जिसने पर्यावरणीय चिंताओं को बढ़ा दिया. इस उद्योग समूह का समर्थन करने वाले उद्योग निकायों ने दावा किया था कि अडानी की परियोजना खनन करों और रॉयल्टी के माध्यम से "लगभग एक सदी" के लिए स्कूलों, अस्पतालों और अन्य बुनियादी ढांचों के लिए धन प्रदान करेगी.

अडानी माइनिंग के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस परियोजना ने पिछले वित्तीय वर्ष में 1,400 से अधिक क्वींसलैंड निवासियों को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान किया. प्रवक्ता ने कहा: "हम अपनी राज्य और राष्ट्रमंडल कराधान और रॉयल्टी देनदारियों का पूरी तरह से पालन करते हैं और हमारे वैधानिक लाभ और टैक्स के परिणाम ऑस्ट्रेलियाई लेखा मानकों और कॉर्पोरेशन्स एक्ट के अनुसार निर्धारित किए जाते हैं."

कार्माइक्ल परिचालन कोयला खनिकों के लिए एक समृद्ध समय के दौरान शुरू हुआ था. 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण ने वैश्विक ऊर्जा कीमतों को बहुत बढ़ा दिया था. मध्य पूर्व में संघर्ष के कारण उत्पन्न ऊर्जा आपूर्ति बाधाओं से भी कोयले की कीमतों को अब समर्थन मिल रहा है.

अडानी द्वारा नियंत्रित एबॉट प्वाइंट पोर्ट बिजनेस, जिसका नाम नॉर्थ क्वींसलैंड एक्सपोर्ट टर्मिनल है, उसने भी $356.6 मिलियन की कमाई करने के बावजूद हालिया 12 महीने की रिपोर्टिंग अवधि में कोई कंपनी टैक्स नहीं दिया. विभिन्न परिचालन खर्चों के कारण $6.8 मिलियन का नुकसान हुआ, जिससे कोई टैक्स देय नहीं बना. 

Previous
Previous

जैसे-जैसे मोदी युवाओं से जुड़ने के लिए इंस्टाग्राम रील्स बना रहे हैं, उनसे सवाल हो रहा है- “अपनी स्किनकेयर रूटीन बताइए”

Next
Next

यूएन प्रमुख की चेतावनी: पृथ्वी ‘आग की लपटों में है’, भारत की मानसून बारिश पर मंडराया खतरा