अमेरिकी धरती पर एक सिख चरमपंथी की सुपारी देकर हत्या करने की साजिश में शामिल होने के आरोप में शुक्रवार को एक अमेरिकी अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने (लगभग 19.5 वर्ष) जेल की सजा सुनाई.
‘पीटीआई’ के मुताबिक, 55 वर्षीय गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या के प्रयासों के संबंध में सुपारी देकर हत्या करने, इसकी साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के आरोपों को स्वीकार कर लिया था.
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के न्यायाधीश विक्टर मारेरो ने 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई.
इस दौरान पन्नू ने अपना बयान देते हुए दावा किया कि जान को खतरे का पता चलने के बाद से वह 1,200 से अधिक दिनों से अपनी नियमित वकालत नहीं कर पा रहे हैं. गुप्ता ने भी एक संक्षिप्त बयान दिया, जिसमें उन्होंने पन्नू की हत्या की साजिश में अपनी भूमिका पर पश्चाताप व्यक्त किया.
सुनवाई से पहले न्यूयॉर्क स्थित अदालत परिसर के बाहर पन्नू के कई समर्थक गुप्ता और अन्य लोगों के पुतले लेकर एकत्र हुए थे.

