ईरान प्रतिबंध: अमेरिकी ट्रेजरी ने अडानी समूह के साथ 27.5 करोड़ डॉलर के समझौते की घोषणा की
‘रॉयटर्स’ के अनुसार, अमेरिकी ट्रेजरी (वित्त) विभाग ने सोमवार को कहा कि वह भारत की अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ 27.5 करोड़ डॉलर (लगभग $275 मिलियन) के समझौते पर सहमत हो गया है. यह समझौता ईरान पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों के 32 प्रत्यक्ष उल्लंघनों के लिए कंपनी की संभावित नागरिक देनदारी (सिविल लायबिलिटी) को लेकर हुआ है.
ट्रेजरी के 'ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल' (ओएफएसी) ने एक बयान में कहा कि अडानी एंटरप्राइजेज ने दुबई स्थित एक व्यापारी से तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की खेप खरीदी थी, जिसने ओमान और इराक की गैस होने का दावा किया था, जबकि वह गैस वास्तव में ईरान से आई थी.
अदालती दस्तावेजों से पिछले हफ्ते यह भी सामने आया कि अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एसईसी) ने भारतीय अरबपति गौतम अडानी के खिलाफ भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने की कथित योजना से जुड़े एक दीवानी मुकदमे को अलग से सुलझा लिया है, हालांकि इस कदम को अभी अदालत की मंजूरी मिलना बाकी है.
मामले से वाकिफ दो सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी न्याय विभाग भी अडानी के खिलाफ संबंधित आपराधिक धोखाधड़ी के आरोपों को हटाने के करीब है, जिन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 10 अरब डॉलर के निवेश का वादा किया है.

