मध्य प्रदेश: कानून में संशोधन के बाद वक्फ बोर्ड में पहली बार हिंदू सदस्य शामिल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन किया है, जिसमें दो हिंदू सदस्यों को शामिल किया गया है.
‘पीटीआई’ के अनुसार, वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 के तहत गठित यह नया बोर्ड, हिंदू सदस्यों वाला देश का पहला राज्य स्तरीय वक्फ बोर्ड है. इस संबंध में रविवार को एक राजपत्र अधिसूचना (गजट नोटिफिकेशन) जारी की गई, जिसके तहत सनवर पटेल को 10 सदस्यीय मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. मनोज मालपानी और अनिमेश भार्गव को बोर्ड में हिंदू सदस्यों के रूप में शामिल किया गया है.
एक अधिकारी ने कहा, "मध्य प्रदेश नए अधिनियम के तहत वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है." अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने वक्फ अधिनियम, 1995 (2025 में संशोधित) की धारा 13(1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिनियम की धारा 14 के प्रावधानों के अनुसार वक्फ बोर्ड का गठन किया है.
वक्फ बोर्ड एक वैधानिक निकाय है जिसे राज्य में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और सुरक्षा के लिए स्थापित किया गया है. इसके प्राथमिक कार्य वक्फ संपत्तियों का रिकॉर्ड रखना, उनके उपयोग और आय की निगरानी करना, उन्हें अतिक्रमण से बचाना और धार्मिक, शैक्षिक व सामाजिक कल्याण के उद्देश्यों के लिए उनका उपयोग सुनिश्चित करना है.

