पूर्व सीजेआई गवई ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा पत्र, न्यायिक नियुक्तियों में समुदाय-विशेष के प्रति पक्षपात का लगाया आरोप

उच्च न्यायपालिका में हालिया नियुक्तियों और तबादलों पर कड़ा विरोध और निराशा व्यक्त करते हुए, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बी.आर. गवई ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से उच्च न्यायालयों और सर्वोच्च न्यायालय में ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यकों के कम प्रतिनिधित्व के मुद्दे से निपटने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया.

‘पीटीआई और टेलीग्राफ वेब डेस्क’ के अनुसार, भारतीय न्यायपालिका का नेतृत्व करने वाले पहले बौद्ध और के.जी. बालकृष्णन के बाद दूसरे दलित न्यायाधीश जस्टिस गवई—जो न्यायाधीशों द्वारा न्यायाधीशों की नियुक्ति की 'कॉलेजियम प्रणाली' का पुरजोर समर्थन करते रहे हैं—ने उच्च न्यायपालिका की नियुक्तियों और तबादलों में जाति-आधारित प्राथमिकताओं, समावेशिता की कमी और योग्यता (मेरिट) की अनदेखी की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता व्यक्त की. 23 नवंबर, 2025 को जस्टिस गवई की सेवानिवृत्ति के बाद वर्तमान सीजेआई सूर्यकांत ने उनका स्थान लिया था.

उन्होंने कहा, "जब मैं कॉलेजियम का हिस्सा था और भारत का मुख्य न्यायाधीश था, तो मैंने हमेशा विविधता और समावेशन के सिद्धांतों का पालन किया. समाज के विभिन्न वर्गों—जिसमें अगड़े वर्गों के साथ-साथ अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिलाओं सहित हाशिए पर पड़े वर्ग भी शामिल हैं—का पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया था..." अपने उत्तराधिकारी का नाम लिए बिना पूर्व सीजेआई ने कहा, "हालांकि, हाल के दिनों में ऐसी परेशान करने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जो योग्यता और समावेशिता के सिद्धांतों की पूरी तरह से अनदेखी को दर्शाती हैं."

उन्होंने कहा, "मैं अपनी असहमति और निराशा व्यक्त करने के लिए विवश हूं क्योंकि स्पष्ट रूप से नियुक्तियां और तबादले अन्य अप्रासंगिक कारकों को ध्यान में रखते हुए विविधता, समावेशन और योग्यता की भावना की पूरी तरह से अवहेलना करते हुए किए जा रहे हैं."

अनुसूचित जनजाति से आने वाली राष्ट्रपति को लिखे तीन पन्नों के पत्र में जस्टिस गवई ने आरोप लगाया कि "समाज के एक विशेष वर्ग" के उम्मीदवारों का पक्ष लिया जा रहा है.

उस वर्ग का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, "समाज के एक विशेष वर्ग से संबंधित उम्मीदवारों को अन्य सभी लोगों—जिसमें अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिलाएं और यहां तक कि अगड़े वर्गों के वे व्यक्ति भी शामिल हैं जो उस विशेष समुदाय से नहीं हैं—को दरकिनार कर सिफारिश/पदोन्नति के लिए प्राथमिकता दी जा रही है."

जस्टिस गवई की सेवानिवृत्ति के बाद, वर्तमान सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम द्वारा सात नए न्यायाधीशों—शील नागू, चंद्रशेखर, संजीव सचदेवा, अरुण पल्ली, वी. मोहना, सुनीता अग्रवाल, डी.के. उपाध्याय और अपरेश कुमार सिंह—को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है.

जस्टिस गवई ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि वे "इस मुद्दे को संज्ञान में लें और मामले में हस्तक्षेप करें" ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी को उच्च न्यायपालिका में समान प्रतिनिधित्व के संवैधानिक कर्तव्य की याद दिलाई जाए.

पूर्व सीजेआई ने सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2018 से अब तक नियुक्त किए गए 715 उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों में से केवल 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदाय से थे.

पूर्व सीजेआई ने अपने पत्र में कहा कि संवैधानिक अदालतों के प्रत्येक चार न्यायाधीशों में से लगभग तीन सामान्य वर्ग से आए हैं.

उन्होंने कहा, "जनवरी 2021 और जनवरी 2026 के बीच हुई नियुक्तियों में अगड़े समुदायों की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत बताई गई है," साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि कुल आबादी का संभवतः 40 से 50 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद ओबीसी को उच्च न्यायपालिका में 14 प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी मिली है.

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की नियुक्तियों के लिए जाति का रिकॉर्ड नहीं रखा जाता है और उन्होंने इस "चुप्पी" को ही समस्या का एक हिस्सा बताया.

उन्होंने कहा, "एक ऐसा समुदाय जो देश की आबादी का 5 प्रतिशत से भी कम है, उसका सुप्रीम कोर्ट में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व रहा है, जो हाल के दिनों में कई गुना बढ़ गया है. हालांकि मैं मानता हूं कि यह कोई नई बात नहीं है, और यही कारण है कि यह अब अक्षम्य होता जा रहा है."

इस पत्र में, जिसकी प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई हैं, पूर्व सीजेआई ने कहा कि वे "एक चिंतित नागरिक" के रूप में लिख रहे हैं, जो उस कॉलेजियम के सदस्य और प्रमुख दोनों रह चुके हैं "जिसकी कार्यप्रणाली अब संदेह के घेरे में है”.

उन्होंने कहा कि हालिया घटनाओं ने ऐसी "बाध्यकारी परिस्थितियां" पैदा कर दी हैं जो इस धारणा को बल देती हैं कि एक ही समुदाय को खुश करने और पुरस्कृत करने के लिए सिफारिशें की जा रही हैं.

उन्होंने कहा, "गणतंत्र के पचहत्तर साल बाद भी अदालत की रूपरेखा में मुश्किल से कोई बदलाव आया है. हम में से प्रत्येक व्यक्ति इस विफलता का कुछ न कुछ हिस्सा साझा करता है, और मैं यह बात स्पष्ट रूप से कहता हूं. चूंकि मैं जानता हूं कि ये ढर्रे किस तरह परिचितों, नेटवर्कों और इस अनदेखी धारणा के माध्यम से बने रहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश 'कैसा दिखता है', इसलिए मैं अब और चुप नहीं रह सकता."

Previous
Previous

मुरलीधरन | मुख्य चुनाव आयुक्त पर जनता की अदालत में महाभियोग

Next
Next

एसआईआर विवाद के चलते 2 महीने तक इनकार के बाद कूचबिहार के परिवार को मिला बेटी का जन्म प्रमाण पत्र