‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के नागरिक सेवा पोर्टल पर मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म 6 के जरिए जमा किए गए लोगों का निजी डेटा कम से कम तीन वर्षों तक उजागर रहा. ‘चर्चाग्राम’ नामक नागरिक-तकनीकी पहल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पोर्टल पर लॉगिन करने वाला कोई भी व्यक्ति दूसरे मतदाताओं के आवेदन से जुड़ी संवेदनशील जानकारी देख सकता था.
रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच के दौरान 2023 तक के रिकॉर्ड की पुष्टि की गई, लेकिन ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि इससे पहले के रिकॉर्ड सुरक्षित थे. ऐसे में डेटा उजागर होने की अवधि तीन साल से भी अधिक हो सकती है. निर्वाचन आयोग के प्रकाशित आंकड़ों के आधार पर रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि इस अवधि में कम से कम सात करोड़ फॉर्म 6 आवेदन किए गए.
फॉर्म 6 में आवेदक का नाम, रिश्तेदार का नाम, लिंग, फोन नंबर, ईमेल, घर का पता, तस्वीर, आधार संबंधी जानकारी, आयु प्रमाण और पता प्रमाण जैसे संवेदनशील विवरण शामिल होते हैं.
चर्चाग्राम के डेटा वैज्ञानिक सौरव राजपूत ने बताया कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध पोर्टल के फ्रंट-एंड कोड की जांच के दौरान एक ऐसा यूआरएल मिला, जिसके जरिए दूसरे मतदाताओं के फॉर्म 6 का डेटा देखा जा सकता था. रिपोर्ट के अनुसार, voters.eci.gov.in/form6?refId=<reference ID> खोलने पर किसी भी लॉगिन किए गए उपयोगकर्ता को संबंधित आवेदक का पूरा विवरण दिखाई देता था.
रिपोर्ट में कहा गया कि आवेदन के रेफरेंस आईडी राज्य, निर्वाचन क्षेत्र, आवेदन के प्रकार और तारीख या क्रम संख्या के एक अनुमानित पैटर्न पर आधारित थे. सर्वर यह जांच नहीं करता था कि आवेदन देखने वाला व्यक्ति संबंधित आवेदक है या नहीं. रेफरेंस आईडी के इस अनुमानित पैटर्न के कारण बड़ी संख्या में डेटा को क्रमवार निकालना भी संभव था.
चर्चाग्राम ने इस मामले की जानकारी निर्वाचन आयोग और भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (सीईआरटी-इन) को गोपनीय तरीके से दी. उसने सात दिनों के भीतर समस्या ठीक करने और लिखित पुष्टि देने की मांग की.
13 नवंबर को सीईआरटी-इन ने जवाब दिया कि संबंधित प्राधिकरण के साथ कार्रवाई की जा रही है, लेकिन उसने कोई संदर्भ संख्या, समयसीमा या समाधान की पुष्टि नहीं दी. चर्चाग्राम के मुताबिक, निर्वाचन आयोग और सीईआरटी-इन ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि समस्या कब और किस स्तर पर ठीक की गई. द हिंदू ने भी इस मामले में निर्वाचन आयोग से प्रतिक्रिया मांगी, लेकिन खबर प्रकाशित होने तक आयोग ने जवाब नहीं दिया था.
हालांकि, 20 नवंबर से पोर्टल के फॉर्म 6 पेज के कोड में बदलाव दिखाई दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, अब संबंधित यूआरएल के जरिए रेफरेंस आईडी के आधार पर आवेदन का विवरण नहीं देखा जा सकता. इस बदलाव के बाद उस यूआरएल से डेटा तक पहुंच प्रभावी रूप से बंद हो गई है.

