‘पीटीआई’ के मुताबिक, चीनी शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि इस सदी में ब्रह्मपुत्र नदी के निचले बहाव वाले क्षेत्रों — भारत और बांग्लादेश — में जल प्रवाह (रनऑफ) अधिक हो सकता है और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है. यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब बीजिंग तिब्बत में इस नदी पर दुनिया की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजना (हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट) का निर्माण कर रहा है, जिससे जल-प्रबंधन की चुनौतियाँ रेखांकित होती हैं. इस योजना की अनुमानित लागत 168 बिलियन अमेरिकी डॉलर है.
'चीनी एकेडमी ऑफ साइंसेज' और 'युन्नान यूनिवर्सिटी' की टीम ने दक्षिण-पूर्वी तिब्बती पठार के पेड़ों के छल्लों का उपयोग करके लगभग सात शताब्दियों (1325 से 2020 तक) के नदी प्रवाह का पुनर्निर्माण किया, और फिर भविष्य के जलवायु परिदृश्यों के तहत संभावित बदलावों का मॉडल तैयार किया.
उन्होंने इस पुनर्निर्माण को जलवायु डेटा के साथ जोड़कर एक मॉडल बनाया, जिसने अनुमान लगाया कि भविष्य के जलवायु परिदृश्यों के तहत नदी का जल प्रवाह बढ़ेगा, साथ ही बाढ़ जैसी उच्च-प्रवाह घटनाओं में भी संभावित वृद्धि होगी.
हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने सोमवार को रिपोर्ट दी कि टीम ने 8 अक्टूबर को 'चाइना साइंस बुलेटिन' पत्रिका में प्रकाशित एक शोध पत्र में कहा, "ये परिणाम यारलुंग त्सांगपो नदी में जल-जलवायु परिवर्तनशीलता पर एक दीर्घकालिक दृष्टिकोण और भविष्य के जल-संसाधन जोखिमों का आकलन करने के लिए एक वैज्ञानिक आधार प्रदान करते हैं."
यारलुंग त्सांगपो तिब्बत में उस नदी का नाम है जो भारत में ब्रह्मपुत्र के रूप में बहती है.
शोधकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में "जल संसाधन विकास और भंडारण बुनियादी ढांचे" की योजना बनाने और सीमा पार जल जोखिमों का आकलन करने में भविष्य के जल प्रवाह पर विचार किया जाना चाहिए.
चीनी शोधकर्ताओं के अनुसार, तिब्बती पठार वैश्विक औसत की तुलना में लगभग दोगुनी दर से गर्म हो रहा है, जिससे इसका बर्फ का आवरण और जल चक्र प्रभावित हो रहा है.
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नदी में बदलाव न केवल पठार के भीतर जल प्रणाली को दर्शाते हैं, बल्कि दक्षिण एशिया में सूखे और बाढ़ के पैटर्न को भी प्रभावित करते हैं.
उन्होंने कहा, "हाल के वर्षों में, जलवायु में निरंतर हो रही ग्लोबल वार्मिंग के साथ, यारलुंग त्सांगपो नदी बेसिन की जल-वैज्ञानिक स्थिति में महत्वपूर्ण बदलाव आ रहे हैं."
जुलाई में, चीनी भूवैज्ञानिकों ने चेतावनी दी थी कि प्रस्तावित बांध के ठीक नीचे एक सक्रिय फॉल्ट लाइन (भूकंपीय दरार) इस परियोजना की संरचनात्मक स्थिरता के लिए खतरा पैदा कर सकती है.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, 'सेडिमेंटरी जियोलॉजी एंड टेथियन जियोलॉजी' पत्रिका में प्रकाशित एक पत्र में, शोधकर्ताओं ने इंजीनियरों से भूस्खलन और ढहने के जोखिम को कम करने के लिए ढलान स्थिरता को मजबूत करने और सुरक्षात्मक रिटेनिंग उपाय लागू करने का आग्रह किया.
ब्रह्मपुत्र तिब्बत से निकलती है और दक्षिण की ओर भारत में बहती है. निचले बहाव में ब्रह्मपुत्र कहे जाने से पहले इसे अरुणाचल प्रदेश में सियांग के नाम से जाना जाता है.
यह नदी दुनिया की सबसे बड़ी प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना का स्थल है, जिसकी निर्माण पूरा होने पर कुल स्थापित क्षमता 60,000 मेगावाट से अधिक होने की उम्मीद है — जो कि स्थापित क्षमता के मामले में दुनिया के सबसे बड़े चालू जलविद्युत संयंत्र, चीन के 'थ्री गोर्जेस डैम' से लगभग तीन गुना अधिक है.
यह मेगा प्रोजेक्ट तिब्बत के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भारत के साथ विवादित सीमा के पास स्थित मेडोग (हिमालय के क्षेत्रों में एक गहरी घाटी -गॉर्ज) काउंटी में बनाया जा रहा है, जहाँ ब्रह्मपुत्र अरुणाचल प्रदेश और फिर बांग्लादेश में बहने से पहले एक तीखा 'यू-टर्न' लेती है.

