‘साउथ फर्स्ट’ में सुमित झा की रिपोर्ट रिपोर्ट है कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) के राष्ट्रीय सर्वेक्षण के मुताबिक, भारत में स्तनपान कराने वाली 58.1% महिलाओं में एनीमिया पाया गया है, जबकि 63.1% गर्भवती महिलाओं में विटामिन बी12 की कमी है. सर्वेक्षण में दोनों समूहों के बीच पोषण संबंधी कमियों के अलग-अलग पैटर्न सामने आए. जहां स्तनपान कराने वाली महिलाओं में एनीमिया अधिक था, वहीं गर्भवती महिलाओं में विटामिन बी12 और आयरन की कमी का अनुपात अधिक रहा.
2023-25 के सर्वेक्षण ‘संपदा’ (SAMPADA) के अनुसार, गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की दर 43.6% रही, जबकि स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह 58.1% थी. विटामिन बी12 की कमी गर्भवती महिलाओं में 63.1% और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में 51.8% दर्ज की गई. आयरन की कमी क्रमशः 29.6% और 26.6% रही, जबकि फोलेट की कमी गर्भवती महिलाओं में 2.9% और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में 4.8% पाई गई.
संपदा एक राष्ट्रीय स्तर का समुदाय-आधारित सर्वेक्षण है, जो 2023 से 2025 के बीच 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों तथा 81 हजार से अधिक परिवारों में किया गया. इसमें 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया.
गर्भवती महिलाओं में करीब पांच में से एक को मध्यम एनीमिया
गर्भवती महिलाओं में 22.5% को हल्का, 20.4% को मध्यम और 0.7% को गंभीर एनीमिया पाया गया. ग्रामीण क्षेत्रों में एनीमिया की दर 45.9% थी, जबकि शहरी क्षेत्रों में 36.5% रही. स्तनपान कराने वाली महिलाओं में 29% को हल्का, 27.2% को मध्यम और 2% को गंभीर एनीमिया था. ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर 60.5% और शहरी क्षेत्रों में 50.6% रही.
दक्षिणी राज्यों में एनीमिया की दर में बड़ा अंतर
15 से 49 वर्ष की गैर-गर्भवती और गैर-स्तनपान कराने वाली महिलाओं के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण के राज्यों में आंध्र प्रदेश में एनीमिया की दर 68.5% रही. तेलंगाना में यह 54%, तमिलनाडु में 52.8%, कर्नाटक में 50.3% और केरल में 29.1% दर्ज की गई. आंध्र प्रदेश का आंकड़ा महिलाओं में एनीमिया की राष्ट्रीय दर 55.9% से अधिक था, जबकि केरल में यह काफी कम रहा. ये आंकड़े गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं के नहीं, बल्कि अलग आबादी के हैं.
एनीमिया का मतलब हमेशा आयरन की कमी नहीं
सर्वेक्षण में एनीमिया और आयरन की कमी का अलग-अलग आकलन किया गया. गर्भवती महिलाओं में एनीमिया नहीं होने पर आयरन की कमी 16.8% थी, हल्के एनीमिया में 30.7% और मध्यम या गंभीर एनीमिया में 59.1% रही. स्तनपान कराने वाली महिलाओं में ये आंकड़े क्रमशः 10.6%, 26.2% और 52.8% थे.
विटामिन बी12 की कमी एनीमिया से प्रभावित और अप्रभावित, दोनों समूहों में व्यापक रही. गर्भवती महिलाओं में एनीमिया नहीं होने पर इसकी कमी 60.9%, हल्के एनीमिया में 66.9% और मध्यम या गंभीर एनीमिया में 70.1% थी. स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह अनुपात क्रमशः 48.5%, 49.3% और 57.2% रहा.
सर्वेक्षण में रक्त नमूनों के जरिए हीमोग्लोबिन, सीरम फेरिटिन, विटामिन बी12 और फोलेट का आकलन किया गया. एनीमिया के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के 2024 के मानकों का इस्तेमाल किया गया. निष्कर्ष बताते हैं कि एनीमिया की गंभीरता बढ़ने के साथ आयरन की कमी भी अधिक होती है, जबकि विटामिन बी12 की कमी उन महिलाओं में भी व्यापक है, जिन्हें एनीमिया नहीं है.

