छिंदवाड़ा के बाद अब महाराष्ट्र के सरकारी अस्पताल में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत
महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल की विशेष नवजात देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में सोमवार (24 अगस्त 2026) की तड़के 3:30 बजे अचानक आग लग गई. तीसरी मंज़िल पर एक वेंटिलेटर में विस्फोट होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें गंभीर रूप से झुलसने और धुएँ में दम घुटने से 3 नवजात शिशुओं की दुखद मौत हो गई.
योहान वर्गीस के अनुसार, हादसे के समय वार्ड में कुल 39 नवजात शिशु भर्ती थे. घटना के तुरंत बाद अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने त्वरित बचाव अभियान चलाते हुए चिकित्सा उपकरणों को हटाकर 6 शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला तथा 10-15 मिनट में आग पर काबू पा लिया.
अन्य बच्चों को आगे के इलाज के लिए विभागीय रेफरल सेवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृत शिशुओं को श्रद्धांजलि दी और घटना की उच्च स्तरीय जाँच के आदेश जारी किए हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों (जिनमें से एक की हालत गंभीर है) को हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.
यहां यह उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित सरकारी जिला अस्पताल के नवजात आईसीयू में भी आग लगने से एक नवजात शिशु की मौत हो गई थी और दो अन्य नवजात शिशु झुलस गए थे, जिन्हें जबलपुर रेफर किया गया था.

