चंद्रबाबू नायडू की जीत के लिए चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में शाम 6 बजे के बाद मतदान का असंभव आंकड़ा दर्ज हुआ, लेकिन जांच नहीं की गई

आंध्र प्रदेश के चिट्टूर में 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हुए थे, लेकिन मतदान समाप्त होने के निर्धारित समय शाम 6 बजे के बाद कतार में खड़े मतदाताओं की संख्या को लेकर चुनाव आयोग (ईसीआई) के दो अलग-अलग रिकॉर्ड में बड़ा अंतर सामने आया है. 

‘द रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ की पड़ताल के मुताबिक, लोकसभा सीट के लिए भेजी गई रिपोर्ट में 56,067 मतदाताओं के कतार में होने की जानकारी दी गई, जबकि चिट्टूर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सात विधानसभा सीटों की रिपोर्ट में यह संख्या केवल 24,596 दर्ज की गई. दोनों रिपोर्ट एक दिन के अंतर से चुनाव आयोग को भेजी गई थीं.

दोनों आंकड़े समान होने चाहिए थे, क्योंकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक ही दिन, उन्हीं मतदान केंद्रों पर और एक ही कतार के जरिए आयोजित किए गए थे. ऐसे में 31,471 मतदाताओं का अंतर चुनाव आयोग के लिए गंभीर विसंगति था, लेकिन आयोग ने इसकी जांच नहीं की. रिपोर्ट के मुताबिक, ये रिकॉर्ड संभावित चुनावी अनियमितताओं की पहचान करने के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन संबंधित रिपोर्टें आयोग के भीतर ही अनदेखी रह गईं.

यह विसंगति उस चुनाव के दौरान सामने आई, जिसमें आंध्र प्रदेश में ईवीएम की खराबी और हिंसा के कारण कई मतदान केंद्रों पर मतदान देर रात तक जारी रहा था. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीना ने भी स्वीकार किया था कि मतदान देर तक चलने के पीछे ईवीएम में खराबी और हिंसा जैसी घटनाएं थीं. कुछ जगहों पर मतदान रात 2 बजे तक जारी रहा. विपक्षी दलों ने देर रात तक मतदान जारी रहने को चुनाव में कथित व्यवस्थित गड़बड़ी का संकेत बताया था.

यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के एन. चंद्रबाबू नायडू ने चिट्टूर की कुप्पम विधानसभा सीट से जीत हासिल कर मुख्यमंत्री पद संभाला था. कुप्पम उन सात विधानसभा सीटों में शामिल है जो चिट्टूर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं. 2024 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने के दौरान टीडीपी ने चिट्टूर लोकसभा सीट के साथ-साथ क्षेत्र की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी.

द रिपोर्टर्स कलेक्टिव ने इस विसंगति पर चुनाव आयोग और आंध्र प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा. चुनाव आयोग ने जवाब नहीं दिया. मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने रिपोर्टर्स को जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क करने के लिए कहा, जिसके बाद उन्हें पत्र भेजा गया. रिपोर्ट प्रकाशित होने तक संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला था.

शाम 6 बजे के बाद मतदान का रिकॉर्ड कैसे रखा जाता है?

एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव होने पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी और पांच मतदान अधिकारियों की तैनाती की जाती है. पहला अधिकारी मतदाता की पहचान सत्यापित करता है, दूसरा उसकी बाईं तर्जनी पर अमिट स्याही लगाकर मतदाता रजिस्टर यानी फॉर्म 17ए में हस्ताक्षर कराता है. तीसरा मतदान अधिकारी मतदाता को दो समान पर्चियां देता है, एक सफेद और दूसरी गुलाबी.

चौथा अधिकारी लोकसभा चुनाव की ईवीएम की कंट्रोल यूनिट संभालता है और सफेद पर्ची लेकर मतदान की अनुमति देता है. पांचवां अधिकारी विधानसभा चुनाव की ईवीएम की कंट्रोल यूनिट संभालता है और गुलाबी पर्ची लेकर दूसरे मतदान की अनुमति देता है.

मतदान समाप्त होने के निर्धारित समय, आमतौर पर शाम 6 बजे, कतार में खड़े मतदाताओं को पीठासीन अधिकारी क्रमांकित पर्चियां देता है. इसके बाद केवल पर्ची प्राप्त मतदाताओं को मतदान की अनुमति होती है. पर्ची नंबर 1 कतार में सबसे पीछे खड़े मतदाता को दिया जाता है और क्रम आगे बढ़ता है. पीठासीन अधिकारी अपनी डायरी में कुल पर्चियों की संख्या भी दर्ज करता है.

मतदान के बाद पीठासीन अधिकारी डायरी और मतदाता रजिस्टर निर्वाचन अधिकारी को सौंपता है, जो अगले दिन इन रिकॉर्ड की जांच करता है. किसी विसंगति की स्थिति में वह चुनाव आयोग को पुनर्मतदान की सिफारिश कर सकता है.

जब लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक ही मतदान केंद्र पर, एक ही पीठासीन अधिकारी और एक ही कतार के जरिए आयोजित किए गए, तो शाम 6 बजे के बाद कतार में खड़े मतदाताओं की संख्या दोनों रिपोर्टों में अलग-अलग कैसे दर्ज हुई? यही सवाल इस पड़ताल के केंद्र में है.

Previous
Previous

यूपी में मतदाता आवेदन में असाधारण उछाल, 22 नवंबर को 4.16 लाख फॉर्म-6 जमा; एक पते से 44 आवेदन

Next
Next

गंगा-ब्रह्मपुत्र समेत भारत की कई नदियों में भूजल से मिलने वाले पानी का प्रवाह घटा