अपहृत तेल टैंकर को छुड़ाने के दौरान एक भारतीय नाविक समेत पांच की हत्या, एक भारतीय नाविक घायल

सोमालिया के अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र पुंटलैंड में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक समुद्री अभियान में अपहृत ईंधन टैंकर 'एमटी ऑनर 25' को समुद्री डाकुओं से सफलतापूर्वक छुड़ा लिया गया है. इस दौरान डाकुओं द्वारा चालक दल के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गई, जिनमें एक भारतीय, तीन पाकिस्तानी और एक म्यांमार का नागरिक शामिल है. ‘पीटीआई’ के अनुसार, इसके अलावा तीन पाकिस्तानी और एक भारतीय नाविक घायल भी हुए हैं.

पुंटलैंड मैरीटाइम पुलिस फोर्स (पीएमपीएफ) के अनुसार, 21 अप्रैल को 18,500 बैरल ईंधन लेकर मोगादिशु जा रहे पलाउ के झंडे वाले इस पोत का अपहरण कर लिया गया था. पोत पर विभिन्न देशों के 17 क्रू सदस्य सवार थे. पीएमपीएफ ने धरीन-बार तट पर कार्रवाई कर 16 संदिग्ध डाकुओं को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि डाकुओं ने शुरुआत में मौतों की बात छुपाकर आत्मसमर्पण की पेशकश की थी.

दूसरी घटना: 'एमटी यूरेका' के चालक दल को छोड़ा

एक अन्य घटनाक्रम में, 2 मई को यमन के काना बंदरगाह से अपहृत टोगो के झंडे वाले टैंकर 'एमटी यूरेका' को डाकुओं ने रिहा कर दिया.  करीब 30 सशस्त्र डाकुओं ने 12 क्रू सदस्यों (8 मिस्र और 4 भारतीय) को स्थानीय समुदाय को सुरक्षित सौंप दिया. हालांकि, भागने से पहले डाकुओं ने पोत को क्षतिग्रस्त कर उसमें आग लगा दी और महीनों की कैद के दौरान उसका बड़ा हिस्सा समुद्र में बेच दिया. सभी रिहा नाविक हुल-आनूद क्षेत्र में सुरक्षित हैं.

Previous
Previous

2020 दिल्ली दंगा: दिल्ली हाईकोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को ज़मानत देने से इनकार किया

Next
Next

चुनाव आयोग ने फॉर्म 6 में किया गया वह बदलाव हटाया जिसे दो आयुक्तों ने बताया था ‘गैरकानूनी’