किसानों को लेकर रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने विवादास्पद टिप्पणी की है. मिश्रा ने मऊगंज जिले में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान किसानों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को एक आरामदायक जीवन शैली की आदत हो गई है और अब वे पहले जितनी कड़ी मेहनत नहीं करते हैं. उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
आनंद मोहन जे की रिपोर्ट के अनुसार, साल में केवल तीन महीने काम करने और बाकी नौ महीने ताश खेलने, गुटखा खाने, शराब पीने तथा गांजा फूंकने संबंधी अपनी टिप्पणी पर लगातार चौतरफा आलोचना झेल रहे रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने बुधवार को माफी भी जारी की. उन्होंने कहा कि उनका किसानों का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था और उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है.
मिश्रा ने कहा था कि किसानों को एक आरामदायक जीवन शैली की आदत हो गई है और अब वे पहले जितनी कड़ी मेहनत नहीं करते हैं. वायरल क्लिप में मिश्रा को कहते सुना गया: "आज का किसान तीन महीने काम करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलने, राजश्री (गुटखा) चबाने, बोतल (शराब)... और 'जय भोले' का जाप करने में बिताता है."
इन टिप्पणियों पर कांग्रेस और किसान संगठनों ने कड़ा विरोध जताया. राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने मांग की कि मिश्रा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें. कुछ किसानों ने भाजपा सांसद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर पुलिस से भी संपर्क किया.
संगठन के मऊगंज जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने इस दावे पर सवाल उठाया कि खेती का काम केवल तीन महीने का होता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान बुवाई, निराई, सिंचाई और कटाई के साथ-साथ अगली फसल की तैयारियों में पूरे साल व्यस्त रहते हैं. उन्होंने आवारा मवेशियों से फसलों की सुरक्षा करने और खाद-बीज का इंतजाम करने जैसी चुनौतियों का भी जिक्र किया.

