पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या मामले में सीबीआई की चार्जशीट में भाजपा के दो कार्यकर्ताओं समेत 11 नामजद
'हिंदुस्तान टाइम्स' के मुताबिक, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है. आरोपपत्र में भारतीय जनता पार्टी के दो कार्यकर्ताओं, सागर सोनकर और उसके भाई साहिब सोनकर, के नाम भी शामिल हैं. दोनों को सीबीआई पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
जांच एजेंसी के अनुसार, सागर और साहिब सोनकर चंद्रनाथ रथ के कार्यालय में काम करते थे. आरोप है कि सागर सोनकर ने उत्तर प्रदेश के शूटरों को रथ की हत्या की सुपारी दी और इसके लिए धन उपलब्ध कराया. सीबीआई एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल के एक पदाधिकारी की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है.
जांच में यह भी सामने आया है कि सागर सोनकर वर्ष 2020 तक एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल के विधायक के साथ काम करता था और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गया था. सीबीआई का दावा है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश दिसंबर 2025 से रची जा रही थी, लेकिन विभिन्न कारणों से वारदात की तारीख कई बार बदली गई.
चंद्रनाथ रथ की 6 मई को मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के दो दिन बाद हुई थी. रथ को सुवेंदु अधिकारी का करीबी सहयोगी माना जाता था और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में उनके चुनाव अभियान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जाती है.
सीबीआई इस मामले में अब तक छह कथित शूटरों मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है. इसके अलावा विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को भी कथित तौर पर सुपारी दिलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. एजेंसी के मुताबिक, इस मामले का एक आरोपी अब भी फरार है, जबकि मामले की जांच जारी है.

