'मकतूब मीडिया' के मुताबिक, दिल्ली की एक अदालत ने बीजेपी आईटी सेल पर 2018 में बनाए गए वीडियो से जुड़े मानहानि मामले में यूट्यूबर और राजनीतिक टिप्पणीकार ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. यह मामला हिंदुत्ववादी सोशल मीडिया कार्यकर्ता और ‘आई सपोर्ट नमो’ समूह के संचालक विकास संकृत्यायन की शिकायत पर दर्ज किया गया था.
सोमवार को साकेत अदालत के ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अनम रईस खान ने वारंट जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को निर्धारित की.
शिकायतकर्ता विकास संकृत्यायन ने आरोप लगाया था कि ध्रुव राठी ने उनके खिलाफ मानहानिकारक वीडियो प्रकाशित किया था. शिकायत के मुताबिक, ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट II’ शीर्षक वाला वीडियो राठी ने प्रकाशित और प्रसारित किया, जिसमें संकृत्यायन के खिलाफ कई कथित झूठे आरोप लगाए गए थे.
यह वीडियो मई 2018 में राठी के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया था. उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल ने भी इसे साझा किया था. इसके बाद संकृत्यायन ने राठी और केजरीवाल, दोनों के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही शुरू की थी.
ध्रुव राठी देश के चर्चित यूट्यूबरों में शामिल हैं. वह अपने वीडियो के माध्यम से बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार और उसकी ऑनलाइन प्रचार व्यवस्था की आलोचनात्मक समीक्षा करते रहे हैं.

