‘बार एंड बेंच’ के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित अपीलों पर सुनवाई कर रहे अपीलीय न्यायाधिकरणों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची से हटाए गए लोगों की अपीलों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए. आगामी चुनावों को देखते हुए कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित अपीलों को भी प्राथमिकता देने का आदेश दिया गया है.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ ने चुनाव आयोग को कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श कर अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया. अदालत ने कोलकाता में न्यायाधिकरणों के लिए वैकल्पिक परिसर तलाशने को भी कहा, ताकि अपीलों का जल्द निपटारा हो सके.
अदालत को बताया गया कि न्यायाधिकरणों के समक्ष 38.31 लाख अपीलें दायर की गई हैं. इनमें 22.21 लाख अपीलें मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा शामिल कराने के लिए थीं, जबकि 16.10 लाख अपीलें सूची में नाम शामिल किए जाने को चुनौती देने से संबंधित थीं.
सुनवाई के दौरान अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया कि अब तक लगभग एक लाख अपीलों का निपटारा हुआ है और इनमें से 93 प्रतिशत अपीलकर्ताओं को मतदाता सूची में शामिल किए जाने योग्य पाया गया है. उन्होंने कहा कि 22 लाख से अधिक अपीलें अभी लंबित हैं और समय पर फैसला नहीं होने से मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित हो सकते हैं. उन्होंने कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने का भी उल्लेख किया.
अदालत ने मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने को चुनौती देने वाली अपीलों पर फिलहाल सुनवाई रोकने का निर्देश दिया. साथ ही, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारण सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ नहीं मिलने वाले लोगों को संबंधित हाईकोर्ट का रुख करने की अनुमति दी. पश्चिम बंगाल सरकार से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों के सत्यापन और नाम हटाने से संबंधित आदेश पर जवाब भी मांगा गया.

