ममता का दावा, ‘तृणमूल 226 से ज्यादा सीटें जीतेगी’, टीवी चैनलों को एग्जिट पोल दोपहर 1.08 बजे भाजपा ऑफिस से भेजे गए थे

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि एग्जिट पोल के अनुमान टीएमसी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए "भाजपा के निर्देश" पर प्रसारित किए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी विधानसभा की 294 सीटों में से 226 से अधिक सीटें जीतेगी.

‘पीटीआई’ के मुताबिक, 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में, बनर्जी ने दावा किया कि टेलीविजन चैनल उन चुनावी अनुमानों को चला रहे हैं जो "भाजपा कार्यालय से प्रसारित" किए गए थे.

उन्होंने आरोप लगाया, “टेलीविजन पर जो दिखाया जा रहा है, उसे दोपहर 1:08 बजे भाजपा कार्यालय से भेजा गया था. इसका प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए पैसे दिए गए थे. मेरे पास इसकी विशिष्ट जानकारी है."

अपनी पार्टी की संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 294 सदस्यीय विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगी. उन्होंने कहा, "हम 2026 में 226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे. हम 230 के भी पार जा सकते हैं. मुझे जनता द्वारा दिए गए भारी जनादेश पर पूरा भरोसा है."

टीएमसी प्रमुख ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि "अमित शाह के सीधे निर्देश पर, केंद्रीय बल पूरी मतदान प्रक्रिया में पश्चिम बंगाल में भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे थे."

निर्वाचन आयोग ने बुधवार को बताया कि 2026 के विधानसभा चुनावों में राज्य में स्वतंत्रता के बाद से अब तक का सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया है, जहाँ दो चरणों में कुल 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ.  आयोग ने कहा कि बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में शाम 7:45 बजे तक 91.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था.

जानें फलोदी सट्टा बाजार का अनुमान

‘द टेलीग्राफ वेब डेस्क’ के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान के बाद, फलोदी सट्टा बाजार ने दूसरे चरण के बाद अपने अनुमानों को संशोधित किया है. प्रथम चरण के बाद फलोदी सट्टा बाजार ने टीएमसी को 158-161 सीटें और भाजपा को 127-130 सीटें मिलने का अनुमान जताया था. लेकिन, दूसरे चरण के बाद संशोधित अनुमान के अनुसार, भाजपा 294 सदस्यीय विधानसभा में 148 के बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए 150-152 सीटें हासिल कर सकती है, जबकि टीएमसी को 137-140 सीटें मिलने का अनुमान है.

Previous
Previous

बंगाल के चुनावी रण में केंद्रीय बलों की ज्यादती के आरोप और राजनीतिक तनाव

Next
Next

छत्तीसगढ़ में पेसा कानून का ग़लत इस्तेमाल: आदिवासियों को सशक्त करने वाला कानून बना ईसाइयों के ख़िलाफ़ हथियार