मणिपुर में तीन आदिवासी चर्च नेताओं की हत्या, कुकी और नागा समुदाय के 38 से अधिक लोगों को बंधक बनाया
मणिपुर में सक्रिय विभिन्न समूहों ने नागा और कुकी समुदायों के 38 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया है. राज्य के गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजम ने गुरुवार (14 मई, 2026) को यह जानकारी दी. इस बीच बुधवार (13 मई, 2026) को मणिपुर में फिर से हिंसा भड़क उठी, जब संदिग्ध उग्रवादियों ने कांगपोकपी जिले में तीन आदिवासी चर्च नेताओं की गोली मारकर हत्या कर दी और चार अन्य को घायल कर दिया. इतना ही नहीं नोनी जिले में एक नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसकी पत्नी घायल हो गई.
‘पीटीआई’ के अनुसार, कोंथौजम ने पत्रकारों से कहा, "कुल मिलाकर, दोनों समुदायों के 38 से अधिक लोगों को अलग-अलग समूहों द्वारा हिरासत में लिया गया है. हम उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए नागरिक समाज समूहों और राजनीतिक नेताओं के साथ सक्रिय रूप से चर्चा कर रहे हैं. कोंथौजम ने ये बातें बुधवार शाम नोनी जिले के जौजंगटेक के पास हुए हमले में मारे गए नागरिक के परिवार से मुलाकात के दौरान कहीं.
कोंथौजम ने कहा, "हमने केंद्रीय गृह मंत्रालय को सूचित कर दिया है और उनकी रिहाई के प्रयास जारी हैं. हमें संदेह है कि कुछ ऐसे लोग हैं जो नहीं चाहते कि मणिपुर में शांति वापस लौटे."
बुधवार शाम को, ताफौ कुकी गांव के अध्यक्ष एल. चोंगलोई ने सेनापति पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें दावा किया गया कि सात ट्रकों और एक कार में यात्रा कर रहे 23 ग्रामीणों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बंधक बना लिया गया है.
इस बीच, तीन चर्च नेताओं और एक नागरिक की हत्या के विरोध में कुकी-ज़ो और नागा समुदायों द्वारा बुलाए गए बंद के कारण गुरुवार को मणिपुर के कम से कम तीन जिलों—कांगपोकपी, चूड़ाचांदपुर और चंदेल—में जनजीवन प्रभावित रहा.

