गुरुवार को मणिपुर के कांगपोकपी जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के बीच हुई गोलीबारी में एक कुकी महिला की गोली लगने से मौत हो गई और तीन व्यक्ति घायल हो गए.
‘पीटीआई’ के अनुसार, यह गोलीबारी सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी जिले के तफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास के एक इलाके में प्रतिद्वंद्वी उग्रवादी समूहों के बीच शुरू हुई. गोलीबारी के बाद, तफौ कुकी गांव की एक महिला, जो पास के खेत में काम कर रही थी, गोली लगने से मृत पाई गई. गोलीबारी के दौरान घायल हुए एक व्यक्ति को कांगपोकपी जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह घटना कांगपोकपी स्थित 'कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी' (सीओटीयू) के विरोध प्रदर्शनों के बीच हुई है. संगठन ने हाल ही में तफौ कुकी गांव के दो कुकी-जो नागरिकों के अपहरण और हत्या के बाद "संगठन के मांग पत्र पर असंतोषजनक प्रतिक्रिया" के विरोध में जिला मुख्यालय पर धरना आयोजित किया था.
सीओटीयू ने मांग की है कि तफौ कुकी गांव को मौजूदा सेनापति जिला पुलिस थाने के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में लाया जाए. गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को तफौ कुकी गांव के आसपास से लापता हुए दो कुकी युवक 1 नवंबर को पड़ोसी सेनापति जिले में मृत पाए गए थे. उनकी हत्या के विरोध में सीओटीयू ने कांगपोकपी जिले में "पूर्ण बंद" का आह्वान किया था.

