मेघालय में सरकारी कार्यालयों और पुलिस बूथ पर 4 बम हमले; स्वास्थ्य विभाग के परिसर में आग लगी
‘पीटीआई’ के अनुसार, मेघालय सरकार और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किए गए चार सिलसिलेवार बम हमलों से राज्य की राजधानी दहल गई, जिसके बाद अधिकारियों ने सुरक्षा उपाय कड़े कर दिए हैं. ये घटनाएं 16 सितंबर की शाम से गुरुवार (17 सितंबर) तड़के तक दर्ज की गईं, हालांकि अधिकारी अभी भी हमलावरों और उनके इरादों के बारे में बेखबर हैं.
किसी भी हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि असामाजिक तत्वों ने गुरुवार तड़के लैतुमखराह इलाके में स्वास्थ्य सेवा निदेशालय परिसर पर पेट्रोल बम फेंका, जिससे परिसर में आग लग गई. आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों को काम पर लगाया गया. अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में, अज्ञात उपद्रवियों ने तड़के नोंगमैनसोंग स्थित एक पुलिस बूथ में आग लगा दी.
ये दो हमले बुधवार रात लुमडिंगजिरी पुलिस स्टेशन पर पेट्रोल बम फेंके जाने के कुछ ही घंटों बाद हुए.
बम थाना प्रभारी के कमरे के पिछले हिस्से में लगा, जिससे मामूली नुकसान हुआ. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम रिसा कॉलोनी स्थित खनिज संसाधन निदेशालय कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले की खबर मिली, जिसमें डीएमआर कर्मचारी का एक निजी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोग आग बुझाने में सफल रहे.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम सभी घटनाओं की जांच कर रहे हैं. सुरक्षा उपाय कड़े कर दिए गए हैं." जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और हमलों के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है.

