भारत के सबसे गरीब राज्य में राजनेता ने बेटी की शादी में की 4 लाख मेहमानों की मेज़बानी, 5 लाख पारंपरिक मिठाइयां और 1000 किग्रा मटन

2024 में भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी द्वारा अपने बेटे अनंत के लिए आयोजित शादी की भव्यता की बराबरी करने के लिए बड़ा जिगर चाहिए. महीनों तक चले उस जश्न की लागत कम से कम 60 करोड़ डॉलर (600 मिलियन डॉलर) आंकी गई थी, जिसमें मेहमानों की सूची में दुनिया भर के नेता और मशहूर हस्तियां शामिल थीं.

हालांकि वे उनके मुकाबले छोटे खिलाड़ी हैं, लेकिन भारत के सबसे गरीब राज्य बिहार के एक विधायक अनंत सिंह ने बुधवार को अपनी बेटी शिवांगी सिंह और अटलांटा के जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए कर रहे छात्र ऋषिकेश कुमार की शादी में—भले ही ग्रामीण परिवेश में—इसकी बराबरी करने की पूरी कोशिश की. अनंत, जिनकी गिनती बिहार के बाहुबलियों में होती है, की बिटिया की शादी के बारे में ‘द गार्डियन’ में अमृत ढिल्लों की दिल्ली से रिपोर्ट है.

रिपोर्ट में बताया गया है कि नदवां गांव में अनंत सिंह के पैतृक आवास पर 2.5 हेक्टेयर में फैले परिसर में लगभग 4 लाख (400,000) मेहमानों की मेज़बानी की गई—जो भारत की मशहूर खर्चीली शादियों के मानकों के हिसाब से भी एक चौंका देने वाला आंकड़ा है. सिंह के करीबी मुन्ना सिंह ने बताया कि मेहमानों को 5 लाख (500,000) पारंपरिक मिठाइयां परोसी गईं और 500 रसोइयों की एक फ़ौज ने दावत तैयार की. खबरों के मुताबिक, कबाब और करी के लिए 1,000 किलोग्राम मटन का इस्तेमाल किया गया. देश भर से आने वाले वीआईपी मेहमानों के लिए छह अस्थाई हेलीपैड बनाए गए थे.

दूल्हा ऋषिकेश कुमार धूप का चश्मा पहने और नारंगी रंग का दुपट्टा लहराते हुए 151 कारों के काफिले के साथ विवाह स्थल पर पहुंचे (हिंदू धर्म में विषम संख्याओं को शुभ माना जाता है). दूल्हे को दिए गए उपहारों में एक लैंड रोवर डिफेंडर भी शामिल थी.

शादी से पहले विवाह स्थल की ओर जाने वाली सड़कें कारों से इस कदर जाम हो गई थीं कि एक मेहमान ने ट्रैफिक जाम से बचने के लिए ट्रैक्टर पर सवार होकर आसपास के खेतों से रास्ता निकाला.

मेहमानों के स्वागत के लिए चीन से आयातित फूलों की भव्य सजावट और आतिशबाजी का भी इंतज़ाम किया गया था.

मनोरंजन के लिए डीजे के बजाय सिंह ने घुड़दौड़ का आयोजन किया था. दौड़ की एक झलक पाने के लिए बिन बुलाए मेहमान पेड़ों और बिजली के खंभों पर चढ़ गए, लेकिन अफरा-तफरी और शोर-शराबा इतना बढ़ गया कि आखिरी समय में इसे रद्द करना पड़ा. शादी के सामान और अवशेषों के बीच कहीं वह एसयूवी भी खड़ी थी, जो विजेता को दी जानी थी.

अनंत सिंह एक विवादास्पद शख्सियत हैं. पांच बार राज्य विधानसभा के लिए चुने जा चुके सिंह के ख़िलाफ़ हत्या और हत्या के प्रयास से लेकर जबरन वसूली और अपहरण तक के 28 आपराधिक मामले लंबित हैं. ये सभी मामले एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की वेबसाइट पर सूचीबद्ध हैं, जो शासन में सुधार और लोकतंत्र को मज़बूत करने के लिए काम करने वाला एक गैर-सरकारी संगठन है. सिंह इन आरोपों में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार करते हैं.

शादी से पहले एक टेलीविज़न साक्षात्कार में उन्होंने शादी की तैयारियों के भव्य पैमाने में कुछ भी असामान्य होने की बात को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, "मैंने अपनी बड़ी बेटी के लिए भी बिल्कुल ऐसा ही इंतज़ाम किया था."

गार्डियन ने बताया है कि भारत में शादियों का सीज़न अभी शुरू ही हुआ है. अब से लेकर 15 दिसंबर के बीच देश भर में अनुमानित 52 लाख (5.2 मिलियन) शादियां होने की उम्मीद है.

Previous
Previous

मोदी सरकार ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल किया: ह्यूमन राइट्स वॉच

Next
Next

कांग्रेस के मुकदमे और विरोध प्रदर्शनों के बीच भारत में राजनीतिक तूफ़ान से जूझ रही मेटा, ज़करबर्ग संघ की पोशाक में