‘आर्टिकल 14’ में कविता अय्यर ने ह्यूमन राइट्स वॉच के हवाले से लिखा है कि 2014 से मोदी सरकार के कार्यकाल में संसद, जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग और न्यायपालिका की भूमिका कमजोर हुई है. संगठन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर गंभीर चिंता जताई है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को व्यवस्थित रूप से कमजोर किया है, संसदीय जवाबदेही कम की है और राजनीतिक विरोधियों, धार्मिक अल्पसंख्यकों तथा सरकार के आलोचकों को निशाना बनाने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल किया है. अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स वॉच (एचआरडब्ल्यू) के 95 पन्नों के दस्तावेज में यह आरोप लगाए गए हैं.
“So What’s This Democracy We’re Talking About? Modi’s Authoritarian Playbook in India” शीर्षक वाले इस दस्तावेज में 2014 से भाजपा के सत्ता में आने के बाद के घटनाक्रमों का विश्लेषण किया गया है. इसमें लोकतांत्रिक संस्थाओं के क्षरण को अलग-अलग घटनाओं के बजाय राजनीतिक हस्तक्षेप के व्यापक पैटर्न के तौर पर देखा गया है.
एचआरडब्ल्यू ने चार प्रमुख क्षेत्रों को चिह्नित किया है. इनमें संसद की प्रक्रियाओं को कमजोर करना और विपक्ष को दबाना, केंद्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल, चुनाव आयोग और मानवाधिकार आयोग जैसे संवैधानिक एवं वैधानिक निगरानी संस्थानों को कमजोर करना तथा न्यायपालिका में कार्यपालिका का हस्तक्षेप और मौलिक अधिकारों की रक्षा करने में अदालतों की विफलता शामिल है.
यह आकलन जनवरी 2025 से सितंबर 2026 के बीच किए गए शोध और 40 से अधिक साक्षात्कारों पर आधारित है. इसमें पूर्व सरकारी अधिकारियों, न्यायाधीशों, वकीलों, पत्रकारों, कार्यकर्ताओं, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से बातचीत के अलावा सरकारी दस्तावेजों, अदालतों के फैसलों तथा नागरिक समाज संगठनों के अध्ययनों का विश्लेषण किया गया है.
एचआरडब्ल्यू की एशिया निदेशक एलेन पियर्सन ने आर्टिकल 14 से कहा कि मोदी सरकार के पिछले दशक के कदम अलग-अलग संस्थागत विफलताएं नहीं, बल्कि एक-दूसरे को मजबूत करने वाली ऐसी रणनीति का हिस्सा हैं, जो सत्ता को अधिक केंद्रीकृत करती है. उनके मुताबिक, कमजोर विपक्ष उन कानूनों का विरोध करने में कम सक्षम होता है, जो कार्यपालिका के नियंत्रण को मजबूत करते हैं.
एसआईआर और मतदाता अधिकारों पर सवाल
जून 2025 में शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं. एचआरडब्ल्यू के अनुसार, अक्टूबर 2026 तक इस प्रक्रिया के तहत 13 करोड़ से अधिक नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिनमें महिलाओं, गरीबों, धार्मिक अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुसलमानों और अन्य वंचित समुदायों पर अधिक असर पड़ा.
इस प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और मनमानी के आरोप लगाए गए हैं. पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक आलोचना के बाद जांच के लिए चिह्नित मतदाताओं की संख्या कुछ ही सप्ताह में 1.67 करोड़ से घटकर लगभग 95 लाख रह गई. दक्षिण 24 परगना के पाथरप्रतिमा विधानसभा क्षेत्र में हटाए गए मतदाताओं में 92 फीसदी से अधिक मुसलमान थे, जबकि क्षेत्र की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी लगभग नौ फीसदी थी.
पश्चिम बंगाल में जिन अपीलों पर फैसला हुआ, उनमें लगभग 93 फीसदी मामलों में मतदाताओं के नाम बहाल किए गए. हालांकि, 34 लाख से अधिक अपीलें अब भी लंबित थीं और कलकत्ता हाई कोर्ट के अनुमान के मुताबिक, इनके निपटारे में कम से कम 21 साल लग सकते हैं.
एचआरडब्ल्यू का दावा है कि नाम हटाए जाने का असर मतदान के अधिकार के अलावा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, खाद्य सहायता, पासपोर्ट नवीनीकरण और छात्रों के आवास प्रमाणपत्रों तक पहुंच पर भी पड़ा. इसमें बिना उचित कानूनी प्रक्रिया के बंगाली मूल के मुसलमानों को बांग्लादेश भेजे जाने और एसआईआर को भाजपा सरकार की 'डिटेक्ट, डिलीट एंड डिपोर्ट' नीति से जोड़ने का भी उल्लेख किया गया है.
जांच एजेंसियों और संसद की भूमिका
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को राजनीतिक शक्ति मजबूत करने के लिए इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया है. वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि अप्रैल 2015 से फरवरी 2025 के बीच ईडी ने 193 नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए, जो इससे पहले के दशक में जांच के दायरे में आए 26 नेताओं की संख्या से 600 फीसदी से अधिक की वृद्धि है.
यह भी दावा किया गया है कि जांच का सामना कर रहे कम से कम 23 प्रमुख विपक्षी नेताओं को भाजपा में शामिल होने के बाद राहत मिली. यूएपीए के तहत कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को लंबे समय तक हिरासत में रखने पर भी चिंता जताई गई है. जीएन साईबाबा और स्टेन स्वामी के मामलों को संस्थागत विफलता के उदाहरण के तौर पर शामिल किया गया है.
संसदीय निगरानी कमजोर होने का दावा करते हुए पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के आंकड़ों का उल्लेख किया गया है. इसके मुताबिक, संसदीय समितियों को भेजे गए विधेयकों का अनुपात भाजपा के पहले कार्यकाल में 28 फीसदी से घटकर दूसरे कार्यकाल में 16 फीसदी रह गया. दिसंबर 2023 में 146 विपक्षी सांसदों के निलंबन और नए आपराधिक कानूनों के सीमित संसदीय विमर्श के साथ पारित होने पर भी सवाल उठाए गए हैं.
निगरानी संस्थाओं और न्यायपालिका पर आलोचना
चुनाव आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय महिला आयोग, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग और केंद्रीय सूचना आयोग जैसे संस्थानों की स्वतंत्रता पर सवाल उठाए गए हैं. नियुक्तियों, कानूनी बदलावों और प्रशासनिक हस्तक्षेप के जरिए इनकी कार्यक्षमता कमजोर करने का आरोप लगाया गया है.
न्यायपालिका के आकलन में न्यायिक नियुक्तियों, मामलों के आवंटन और नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा में अदालतों की भूमिका को लेकर चिंता जताई गई है. उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से सुप्रीम कोर्ट के इनकार, सोनम वांगचुक की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत हिरासत और अकादमिक अली खान महमूदाबाद के खिलाफ कार्रवाई जैसे मामलों का उल्लेख किया गया है.
मुसलमानों, ईसाइयों और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ भेदभाव तथा हिंसा के सामान्यीकरण पर भी चिंता जताई गई है. एचआरडब्ल्यू ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बहाल करने, संसद की निगरानी भूमिका मजबूत करने, जांच एजेंसियों के राजनीतिक इस्तेमाल पर रोक लगाने और यूएपीए, पीएमएलए तथा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून जैसे कानूनों में सुधार की सिफारिश की है.
2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के एकल बहुमत खोने के बाद भी संस्थागत नियंत्रण और संतुलन की व्यवस्था व्यवस्थित रूप से बहाल नहीं हुई है. संगठन के मुताबिक, राजनीतिक ध्रुवीकरण, नागरिक समाज पर प्रतिबंध और कमजोर संवैधानिक संस्थाओं की स्थिति केवल चुनाव के जरिए नहीं बदली जा सकती.

