मणिपुर हिंसा: कुकी-नागा के बीच ताजा झड़पों में 5 लोगों की मौत, गोलीबारी हुई, 10 घर जलाए गए
‘पीटीआई’ के मुताबिक, मणिपुर के कामजोंग और उखरूल जिलों में सशस्त्र समूहों के बीच हुई ताजा झड़पों में पांच लोगों की मौत हो गई.
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि नागा-बहुसंख्यक कामजोंग जिले के कुकी-प्रधान चासाद गांव में 22 वर्षीय एक युवक और 42 वर्षीय एक महिला की हत्या कर दी गई. अधिकारियों ने बताया कि पांच बच्चों की मां उस महिला को शुक्रवार रात गर्दन के पास गोली मारी गई थी और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई.
उन्होंने आगे बताया कि उसकी हत्या के कारण कुकी और नागा सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही. इसके बाद हुई झड़पों में उस युवक की मौत हो गई, और इस दौरान 10 घरों को भी आग के हवाले कर दिया गया.
जिला अधिकारियों ने और अधिक हिंसा को रोकने के लिए चासाद पुलिस गेट जंक्शन के 400 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 162 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है.
उखरूल जिले की एक अन्य घटना में, संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा एक वाहन पर गोलीबारी किए जाने के बाद चेपु याओलेन के पास 40 वर्षीय संदीप राय नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अधिकारियों ने बताया कि जिस चार पहिया वाहन को वह चला रहे थे, उसी के अंदर उनकी मौत हो गई.
कांगपोकपी जिले के मकुई अशांग और तापों में भी सशस्त्र समूहों के बीच भारी गोलीबारी की खबर है.
इस साल फरवरी में कुकी और नागा समुदायों के बीच हिंसा भड़कने के बाद से 40 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और दर्जनों घर जलाए जा चुके हैं. यह हिंसा मुख्य रूप से उखरूल, कामजोंग, कांगपोकपी, तामेंगलोंग और नोनी जिलों के साथ-साथ सेनापति जिले के कुछ हिस्सों तक केंद्रित रही है.

