‘क्या आप हिंदू संस्कृति नहीं जानते?’: पुणे के किले में शॉर्ट्स पहनने पर पर्यटकों को थप्पड़ मारे, 8 पर मामला
पुणे ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पुणे के पास ऐतिहासिक सिंहगढ़ किले में रविवार दोपहर एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों द्वारा शॉर्ट्स और स्लीवलेस कपड़े पहनने पर कम से कम चार पर्यटकों (जिनमें एक महिला भी शामिल है) के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। पुलिस ने मारपीट और दंगा करने के आरोप में ‘समस्त हिंदू बांधव सेना’ नाम के संगठन के आठ सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
‘एक्सप्रेस न्यूज़ सर्विस’ के अनुसार, हमलों की यह श्रृंखला रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच आगंतुकों के चार अलग-अलग समूहों के साथ हुई. शिकायतकर्ता, जो पुणे की एक निजी कंपनी में 39 वर्षीय वरिष्ठ प्रबंधक हैं, अपने परिवार और दोस्तों के साथ किले का दौरा करने गए थे. छत्रपति शिवाजी महाराज के सैन्य कमांडर तानाजी मालुसरे के स्मारक के दर्शन कर लौटते समय, पुरुषों और महिलाओं के एक समूह ने कथित तौर पर उन्हें रोका और उनके पहनावे पर सवाल उठाए.
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया, "उन्होंने पूछा, 'आपने शॉर्ट्स क्यों पहने हैं?'" समूह के तीन पुरुषों ने कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मारा, जबकि एक महिला ने उनकी पत्नी को घसीटा. शिकायतकर्ता ने कहा, "वे चिल्लाते रहे, 'क्या आपको हिंदू संस्कृति समझ में नहीं आती?'"
पुलिस स्टेशन में शिकायतकर्ता को पता चला कि अलग-अलग समूहों के तीन अन्य पर्यटकों, जिनमें एक अन्य महिला भी शामिल थी, को भी उन्हीं हमलावरों द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे गए थे और प्लास्टिक की छड़ों से पीटा गया था.
पुलिस ने जिन आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनकी पहचान संकेत संजय पाटिल, आशीष दिलीप अपर, रेवन नारायण कोकटे, सयाली सुजीत चव्हाण, केतकी सूरज जाधव, अमर रामचंद्र शिरके, कुणाल किसान नलवडे और आर्य प्रवीण कावड़े के रूप में की है.
इस साल की शुरुआत में, कुछ लोगों ने सिंहगढ़ किले के प्रवेश द्वार पर एक पोस्टर लगाया था जिस पर लिखा था, "किला हिंदुओं का है और मुसलमानों को अनुमति नहीं है".

