अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया गिरकर सौ के और नजदीक, 95.25 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद

खाड़ी देशों में नए सिरे से शुरू हुए संघर्ष और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने के कारण निवेशकों द्वारा जोखिम वाली संपत्तियों से दूरी बनाने के चलते मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे गिरकर 95.25 (अंतिम) के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ. इन घटनाओं ने आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) की चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है.

‘पीटीआई’ के अनुसार, विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि ब्रेंट ऑयल का भाव 110 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के करीब बने रहने से भारत जैसी तेल-आयातक अर्थव्यवस्थाओं पर दबाव बना हुआ है. इसके अलावा, बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी जैसे कारकों ने निवेशकों की धारणा को और कमजोर कर दिया.

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.30 पर खुला, जिसके बाद इसमें गिरावट आई और इंट्रा-डे ट्रेड के दौरान यह 95.44 के सर्वकालिक निचले स्तर को छू गया. सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 39 पैसे गिरकर 95.23 के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था.

विनिर्माण गतिविधियाँ सुस्त बनी हुई हैं; इनपुट लागत 44 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुँची

इस बीच, सोमवार को एसएंडपी ग्लोबल द्वारा जारी एक उद्योग सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, कमजोर मांग और बढ़ती इनपुट लागत (लागत मूल्य) से प्रभावित होने के कारण अप्रैल में लगातार दूसरे महीने विनिर्माण गतिविधियाँ सुस्त रहीं, जैसा कि ‘डेक्कन हेराल्ड’  ने अपनी रिपोर्ट में बताया है. इनपुट लागत में यह उछाल एल्यूमीनियम, रसायनों, विद्युत घटकों, ईंधन, चमड़े, पेट्रोलियम उत्पादों और रबर की ऊँची कीमतों के कारण देखा गया. सर्वेक्षण में शामिल कंपनियों ने इन कीमतों में वृद्धि के लिए पश्चिम एशिया के संघर्ष को जिम्मेदार ठहराया. मुद्रास्फीति (महंगाई) की समग्र दर अगस्त 2022 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर पहुँच गई है.

Next
Next

टीसीएस नासिक: 9 में से निदा खान का नाम सिर्फ एक एफआईआर में, लेकिन टीवी चैनलों ने ‘मास्टरमाइंड’ बताया