शववाहन न मिलने पर व्यक्ति पत्नी के शव को बाइक पर घर ले गया
ओडिशा में डबल इंजन की सरकार है, लेकिन रविवार सुबह मुंडराजोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शववाहन उपलब्ध न होने के कारण, एक व्यक्ति को अपनी मृत पत्नी के शव को मोटरसाइकिल पर घर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा.
रीतेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, लाइकेरा ब्लॉक के उड़ियापाली गाँव की रहने वाली मृतक जमुना छत्रिया (55) के गंभीर रूप से बीमार होने के बाद उनके पति नरेश छत्रिया उन्हें मुंडराजोर सीएचसी ले गए थे. स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार, उन्होंने शव को गाँव ले जाने के लिए वाहन की मांग की, लेकिन उन्हें बताया गया कि कोई शववाहन उपलब्ध नहीं है. कोई अन्य विकल्प न मिलने पर, नरेश कथित तौर पर अपनी पत्नी के शव को मोटरसाइकिल पर ही घर ले गए.
झारसुगुड़ा के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्ति प्रसाद पाढ़ी ने बताया कि महिला को सुबह करीब 5 बजे सीएचसी लाया गया था और जांच के दौरान वह मृत पाई गईं.
"डॉक्टर ने सलाह दी थी कि शव का पोस्टमार्टम कराना जरूरी है। हालांकि, परिजनों ने इससे इनकार कर दिया और एक लिखित घोषणा पत्र सौंपा कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते और शव को अपने स्तर पर ले जाना चाहते हैं," डॉ. पाढ़ी ने कहा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि हालांकि मुंडराजोर सीएचसी में कोई शववाहन तैनात नहीं था, लेकिन जिला स्वास्थ्य प्रशासन ने जिला मुख्यालय अस्पताल, झारसुगुड़ा से एक वाहन भेजने की व्यवस्था की थी. उन्होंने बताया कि "इससे पहले कि वाहन सीएचसी तक पहुँच पाता, परिजन शव को लेकर जा चुके थे."

