‘द हिंदू’ : लोकसभा सीटों का हड़बड़ी वाला परिसीमन

सरकार को परिसीमन पर आम सहमति बनानी चाहिए

ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी ने साल 2029 में होने वाले अगले आम चुनाव के लिए, आनन-फानन में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन को अपनी रणनीति का केंद्रीय हिस्सा बनाना तय किया है. जैसी कि मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था है, अभी चल रही ‘जनगणना 2027’ के आंकड़े जारी होते ही नये परिसीमन की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी. वह पूर्व-निर्धारित रास्ता, जो राज्यों में जनसंख्या वितरण पर आधारित है, उन राज्यों का प्रतिनिधित्व काफी घटा देगा जिन्होंने पिछले परिसीमन के बाद से अपनी जनसंख्या स्थिर कर ली है. केंद्र ने अब लोकसभा सीटों के अंतर-राज्यीय वितरण में बदलाव पर संवैधानिक रोक को 25 साल और बढ़ाकर साल 2051 तक करने, साथ ही सदन में कुल सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव रखा है. हर राज्य के भीतर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का निर्धारण साल 2011 की जनगणना के आधार पर किया जायेगा. परिसीमन की इस कवायद से महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण भी लागू होगा, जिसे संसद ने साल 2023 में मंजूरी दी थी. ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत को संघवाद के सिद्धांतों - जो राज्यों के सामूहिक अधिकारों की हिफाजत से जुड़े हैं - के साथ संतुलित करने की जरूरत को ध्यान में रखते हुए, ये प्रस्ताव भारत के लिए आगे बढ़ने का एक वाजिब तरीका हैं. इसके बावजूद, लोकसभा सीटों का अंतर-राज्यीय वितरण लोकतंत्र और संघवाद का इतना केंद्रीय प्रश्न है कि कोई बदलाव करने से पहले कई स्तरों पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाना चाहिए.

यह दल-बदल और जोड़-तोड़ के जरिए संविधान संशोधन पारित कराने की कोशिश कर रहे केंद्र के तरीके को संदिग्ध और नेकनीयती से रहित बनाता है, जैसा कि ‘द हिंदू’ ने अपने संपादकीय में कहा है. अगर केंद्र साल 1971 की जनगणना के आधार पर अंतर-राज्यीय वितरण की संवैधानिक गारंटी आगे बढ़ाने को तैयार होता, तो वह इस मुद्दे पर सर्वदलीय सहमति बना सकता था. इसके बजाय, अप्रैल में, उसने सीटों का मौजूदा अनुपात बनाये रखने का वादा करके एक फरेबी चाल चली, जबकि उसके द्वारा पेश संविधान संशोधन उस वादे को असंवैधानिक बना देता. अभी जब केंद्र सरकार सहयोगपूर्ण दिखना चाहती है, भारत के संघीय लोकतंत्र में इस तरह के दूरगामी प्रभाव वाले कदम को आगे बढ़ाने का ज्यादा मुनासिब तरीका यह होगा कि इन विधेयकों को एक संसदीय समिति के पास भेजा जाए, जो इनका विस्तार से परीक्षण कर सके और एक राष्ट्रीय संवाद का सृजन कर सके. ज्यादा बड़ी लोकसभा अपनी तरह की चुनौतियां पैदा करेगी, लेकिन इसके आकार को बढ़ाने का तर्क पूर्णतया बेबुनियाद नहीं है क्योंकि साल 1973 में पिछले परिसीमन का आधार बनी साल 1971 की जनगणना के बाद से भारत की आबादी कम से कम 2.6 गुना बढ़ चुकी है. केंद्र को इस बेहद महत्वपूर्ण सवाल पर हड़बड़ी नहीं करनी चाहिए. यह किसी विधेयक को पारित कराने के लिए पर्याप्त वोट जुटाने भर का मामला नहीं है. यह आम सहमति पर आधारित होना चाहिए, जैसा कि साल 1976 में और फिर 2001 में, क्रमशः कांग्रेस और भाजपा के प्रधानमंत्री के अधीन हुआ था.

Previous
Previous

भ्रम में न रहें: परिसीमन भाजपा के लिए बहुमत गढ़ने का एक ‘काठ का घोड़ा’ है

Next
Next

भारत की रणनीतिक परिधि में परिसीमन: राष्ट्रीय सुरक्षा का एक अनदेखा पहलू