भारत में परिसीमन की बहस आमतौर पर समान प्रतिनिधित्व और बदलते जनसंख्या पैटर्न के इर्द-गिर्द केंद्रित रहती है. लेकिन रणनीतिक रूप से संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में चुनावी सीमाओं को फिर से खींचने के प्रभाव केवल चुनावी गणित तक सीमित नहीं रहते. देश में प्रस्तावित नई परिसीमन पहल के संदर्भ में, जम्मू और कश्मीर एक महत्वपूर्ण उदाहरण पेश करता है कि कैसे निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन राजनीतिक भूगोल, क्षेत्रीय संबंधों और अंततः राष्ट्रीय सुरक्षा के रणनीतिक आधारों को बदल सकता है.
लव पुरी के मुताबिक, 2022-23 में जम्मू-कश्मीर और असम के विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन पर तो व्यापक चर्चा हुई, लेकिन अनंतनाग और जम्मू-पुंछ लोकसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया. इस प्रक्रिया में राजौरी और पुंछ को जम्मू-पुंछ क्षेत्र से अलग कर दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्र में मिला दिया गया. ऊपरी तौर पर यह संसदीय प्रतिनिधित्व का एक तकनीकी बदलाव लगा, किंतु इसके राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक सामंजस्य और राष्ट्रीय सुरक्षा पर दूरगामी प्रभाव पड़ते हैं.
पुरी लिखते हैं कि इस पुनर्गठन की आलोचना इस आधार पर हुई कि इसने जम्मू में हिंदू राजनीतिक प्रतिनिधित्व के एकीकरण के लिए अनुकूल स्थितियां बनाईं, जिसका सीधा चुनावी लाभ भाजपा को मिलता दिखा. दलीय राजनीति से परे भी देखें, तो ऐसी धारणा का पनपना ही इस प्रक्रिया की संवेदनशीलता पर सवाल उठाता है. जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में परिसीमन को केवल संवैधानिक या प्रशासनिक कसौटी पर नहीं, बल्कि अंतर-सामुदायिक संबंधों और सुरक्षा वातावरण पर पड़ने वाले संभावित असर के लिहाज से भी परखा जाना चाहिए.
परिसीमन को अक्सर जनसंख्या के आंकड़ों पर आधारित एक तटस्थ प्रशासनिक प्रक्रिया माना जाता है, लेकिन चुनावी सीमाएं कभी भी इतिहास, भूगोल और राजनीतिक संदर्भ से अछूती नहीं रहतीं. इस नए संसदीय क्षेत्र का भौगोलिक तर्क जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाता. समुद्र तल से 3,000 से 4,000 मीटर ऊपर स्थित विशाल पीर पंजाल पर्वत शृंखला इस क्षेत्र को दो हिस्सों में बांटती है, जिनके बीच हर मौसम में चालू रहने वाला सड़क संपर्क नहीं है. राजौरी-पुंछ और दक्षिण कश्मीर को जोड़ने वाला ऐतिहासिक मुगल रोड पीर की गली में भारी बर्फबारी के कारण सर्दियों में चार से छह महीने तक बंद रहता है. परिणामस्वरूप, लोगों को अपने ही निर्वाचन क्षेत्र के दूसरे हिस्से तक पहुंचने के लिए जम्मू के मैदानी इलाकों से होकर लगभग 14 घंटे का लंबा सफर तय करना पड़ता है.
साल के बड़े हिस्से तक दुर्गम रहने वाले क्षेत्रों को एक साथ जोड़ना न केवल मतदाताओं के लिए असुविधाजनक है, बल्कि यह जनप्रतिनिधियों की अपने क्षेत्र से नियमित संवाद बनाए रखने की क्षमता को भी बाधित करता है. 2024 के लोकसभा चुनाव में मुगल रोड बंद होने के कारण कई दलों द्वारा मतदान स्थगित करने की मांग ने इस पुनर्गठन की व्यावहारिक कठिनाइयों को उजागर कर दिया.
इसके विपरीत, पुराने जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र के गठन के पीछे एक गहरा रणनीतिक और सामाजिक तर्क था. इसमें पाकिस्तान से लगती लगभग 198 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) का करीब आधा हिस्सा शामिल था. यह देश के सबसे संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में से एक था. इसकी आबादी में लगभग दो-तिहाई हिंदू और एक-तिहाई मुस्लिम थे, जो अपनी जातीय और सामाजिक पृष्ठभूमि में भी विविध थे. इस संरचना ने उम्मीदवारों को संकीर्ण सांप्रदायिक दायरों से ऊपर उठकर व्यापक राजनीतिक गठबंधन बनाने के लिए प्रेरित किया.
लेखक के अनुसार, पुराना जम्मू-पुंछ क्षेत्र कभी किसी एक दल का गढ़ नहीं रहा. 1967 से 2009 के बीच कांग्रेस ने यह सीट आठ बार जीती, जबकि भाजपा ने 1998, 1999, 2014 और 2019 में चार बार जीत दर्ज की. 1977 में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार और प्रख्यात बुद्धिजीवी बलराज पुरी ने 37% वोट हासिल किए, हालांकि स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के चलते वे जनसंघ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार से हार गए. वहीं, 2002 के उपचुनाव में राजौरी के गुर्जर नेता चौधरी तालिब हुसैन ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर यहां से जीत हासिल की. यह चुनावी इतिहास दर्शाता है कि पहले राजनीतिक दलों को धार्मिक वोट बैंक के बजाय क्षेत्र की सामाजिक विविधता के साथ सामंजस्य बिठाना पड़ता था. नए पुनर्गठन के बाद जम्मू क्षेत्र अधिक हिंदू-बहुल हो गया है और मुस्लिम-बहुल राजौरी-पुंछ अनंतनाग से जुड़ गए हैं, जिससे 2024 के चुनाव परिणामों की तुलना पुराने आंकड़ों से नहीं की जा सकती.
इस बदलाव ने क्षेत्र की राजनीतिक शब्दावली को ही बदल दिया है. इससे पुराने और जटिल अंतर-सामुदायिक संबंधों की जगह एक तीखे सांप्रदायिक भूगोल के उभरने का खतरा पैदा हो गया है. जब संवेदनशील इलाकों में चुनावी भूगोल बदलता है, तो यह राजनीतिक दलों के लिए सामुदायिक समन्वय के बजाय एकजुट धार्मिक वोट बैंक पर निर्भर रहने की प्रवृत्ति को संस्थागत रूप दे सकता है.
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में देखने पर 2022 के परिसीमन के निहितार्थ और भी गंभीर नजर आते हैं. विभाजन के बाद से पाकिस्तान और भारत के आलोचक जम्मू-कश्मीर विवाद को हिंदू-मुस्लिम द्विआधारी (बाइनरी) के रूप में पेश करते रहे हैं. 1962-63 की भारत-पाक वार्ता में चर्चित 'चिनाब फॉर्मूला' और 1950 के ओवेन डिक्सन प्रस्तावों में भी राज्य को धार्मिक आधार पर चिनाब नदी के आर-पार विभाजित करने की परिकल्पना की गई थी—जिसमें पश्चिम के मुस्लिम-बहुल क्षेत्र (राजौरी-पुंछ) पाकिस्तान को और पूर्व के हिंदू-बहुल क्षेत्र भारत को देने की बात थी. जबकि वास्तविकता यह है कि जम्मू-कश्मीर की भाषाई, जातीय और सांस्कृतिक विविधता किसी भी संकीर्ण सांप्रदायिक वर्गीकरण से कहीं बड़ी है.
यद्यपि 2022 के परिसीमन का उद्देश्य और संवैधानिक संदर्भ चिनाब फॉर्मूले से बिल्कुल अलग था, लेकिन अनजाने में ही इसने राजनीतिक स्थान को धार्मिक और क्षेत्रीय आधार पर पुनर्गठित करने के एक समान तर्क को पुनर्जीवित कर दिया है. राजौरी और पुंछ को जम्मू से अलग कर दक्षिण कश्मीर से जोड़ने से उस साझा राजनीतिक ढांचे को नुकसान पहुंचा है, जो ऐतिहासिक रूप से हिंदू और मुस्लिम समुदायों को एक साथ रखता था. इसने एक ऐसी राजनीतिक धारणा को बल दिया है जिसमें कश्मीर घाटी और जम्मू के मुस्लिम-बहुल हिस्से एक तरफ, और जम्मू के हिंदू-बहुल हिस्से दूसरी तरफ बंटे दिखाई देते हैं.
भले ही संसदीय सीटों की सीमित संख्या के कारण जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय चुनावों के परिणाम तय न कर सके, लेकिन वहां के घटनाक्रम पूरे देश की राजनीतिक भावनाओं को प्रभावित करते हैं, जैसा कि 2019 के पुलवामा हमले के बाद देखा गया. इसलिए, जम्मू-कश्मीर के आंतरिक राजनीतिक संबंधों का सीधा असर भारत के व्यापक रणनीतिक और सुरक्षा वातावरण पर पड़ता है.
चूंकि भारत अब एक व्यापक राष्ट्रीय परिसीमन बहस की ओर बढ़ रहा है, इसलिए 2022 में जम्मू-कश्मीर की दो लोकसभा सीटों के पुनर्गठन को एक आदर्श मॉडल के रूप में नहीं, बल्कि एक चेतावनी भरे सबक के रूप में देखा जाना चाहिए. भू-राजनीतिक वास्तविकताओं और सुरक्षा चिंताओं की अनदेखी कर रणनीतिक सीमाओं में चुनावी फेरबदल करना, दशकों की मेहनत से बने सामाजिक सद्भाव, शांति और राष्ट्रीय एकता को कमजोर कर सकता है.
(लेखक ने जम्मू और कश्मीर पर दो पुस्तकें लिखी हैं—'अनकवर्ड फेस ऑफ मिलिटेंसी' और 'अक्रॉस द लाइन ऑफ कंट्रोल', जिनमें से बाद वाली पुस्तक कोलंबिया यूनिवर्सिटी प्रेस द्वारा प्रकाशित की गई है.)

