विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे और न ही उन्होंने मीडिया को संबोधित किया था. अब वे मध्य प्रदेश के भोपाल में एक निजी शादी के रिसेप्शन में दिखाई दिए हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन द्वारा अपने बेटे के लिए आयोजित इस रिसेप्शन की एक तस्वीर में कुमार वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह और मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं.
'द वायर' ने 24 अक्टूबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट में उल्लेख किया था कि 23 सितंबर को 'इंडियन एक्सप्रेस' की इस खबर के बाद से कुमार सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं और न ही उन्होंने आरोपों पर कुछ कहा है, जिसमें बताया गया था कि चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू ने 10 महीनों में एसआईआर प्रक्रिया पर 14 आपत्तियां उठाई थीं.
अपने इस्तीफे की मांग उठने से पहले, कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता की थी, जहां उन्होंने विपक्षी नेताओं द्वारा वोट चोरी के आरोप लगाने और एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बाद उनसे आक्रामक रूप से हलफनामे मांगे थे.
पिछले लगभग तीन महीनों में कई विपक्षी दलों और छात्र समूहों ने उनके इस्तीफे की मांग की है, और देश भर में विरोध प्रदर्शनों के साथ-साथ प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई भी हुई है. सामूहिक गिरफ्तारियों सहित किसी भी घटना ने मुख्य चुनाव आयुक्त की चुप्पी नहीं तोड़ी.
चुनाव आयोग ने प्रेस नोट जारी कर एसआईआर प्रक्रिया में बदलावों की घोषणा की है, जिसमें फॉर्म 6 में संशोधन, छूटे हुए मतदाताओं को शामिल करने के लिए विशेष अभियान और प्रभावित लोगों की सुनवाई के प्रावधान शामिल हैं. हालांकि, कुमार ने व्यक्तिगत रूप से इस विवाद पर कोई बात नहीं की है.
सितंबर में मेरठ और वाराणसी में उनके निर्धारित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम और अक्टूबर में छत्तीसगढ़ का दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया गया था.
अजय सिंह ने कहा कि भोपाल रिसेप्शन में कुमार से उनकी मुलाकात महज एक संयोग थी और उन्होंने उनसे किसी भी तरह की बातचीत होने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि वे एक मेहमान के रूप में समारोह में शामिल हुए थे, उन्हें कुमार की उपस्थिति के बारे में पता नहीं था और वे उन्हें पहचान नहीं पाए थे.
सिंह ने गुरुवार (26 नवंबर) को मीडिया से कहा, “चाहे वे ज्ञानेश कुमार हों या अमित शाह, मुझे नहीं पता. मैं उनसे बात भी नहीं कर रहा था – मैं क्यों करूंगा? हम चाहते हैं कि वे इस्तीफा दें – हमने बार-बार कहा है कि उन्हें जाना ही होगा. यही हमारा नारा रहा है, इसलिए उनसे बात करने का सवाल ही नहीं उठता.” यह तस्वीर कुछ दिन पहले की प्रतीत होती है.
फेसबुक पर इस तस्वीर में सिंह को एक तीसरे व्यक्ति, भारती प्रत्यूष द्वारा टैग किया गया था, जो खुद को भाजपा नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की टीम का सदस्य बताते हैं. तस्वीर के साथ कांग्रेस पार्टी पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट भी लिखा गया है. प्रत्यूष ने अपने बायो में यह भी लिखा है कि वे एक प्रॉपर्टी डीलर हैं और कहते हैं: “भगवान हैं मेरे नरेंद्र मोदी जी.”
कांग्रेस ने भोपाल में कुमार के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त के रवाना होने के बाद होटल और हवाई अड्डे पर पहुंचे. यह विरोध प्रदर्शन मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर उनका पुतला फूंकने के साथ समाप्त हुआ.

