मद्रास उच्च न्यायालय ने गुरुवार (26 नवंबर, 2026) को फैसला सुनाया कि किसी भी मुस्लिम को, चाहे वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या किसी अन्य राजनीतिक दल का सदस्य ही क्यों न हो, अन्य मुसलमानों द्वारा किसी भी मस्जिद में नमाज अदा करने से कभी नहीं रोका जा सकता.
‘द हिंदू’ के मुताबिक, न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन ने कहा कि इस्लाम के अनुसार, यह तय करना सर्वशक्तिमान अल्लाह का काम है, न कि साधारण मनुष्यों का, कि कौन सच्चा मुसलमान है और कौन नहीं. उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमानों को मस्जिद में प्रवेश करने से पहले अपनी सभी राजनीतिक और अन्य संबद्धताओं को मस्जिद की चौखट पर ही छोड़कर आना चाहिए.
इस बात की ओर इशारा करते हुए कि मस्जिद के अंदर केवल नमाज पढ़ाने वाले इमाम ही आगे की स्थिति (नेतृत्व) में रहते हैं, जबकि अन्य सभी मुसलमान, चाहे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति कुछ भी हो, नमाज अदा करते समय एक-दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होते हैं, न्यायाधीश ने कहा कि ऐसे पूजा स्थल में राजनीतिक संबद्धता का कोई महत्व नहीं होना चाहिए.
ये आदेश तिरुवल्लूर जिले के रेड हिल्स निवासी और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी एम. सैयद इब्राहिम उर्फ वेल्लोर इब्राहिम द्वारा दायर एक आपराधिक रिट याचिका का निपटारा करते हुए पारित किए गए. याचिका में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पदाधिकारी सैयद मूसा पर सलेम शहर की एक मस्जिद में उन्हें नमाज अदा न करने देने का आरोप लगाया गया था.
यह स्पष्ट करते हुए कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि याचिकाकर्ता भाजपा, कांग्रेस या कम्युनिस्ट पार्टी का सदस्य है, न्यायाधीश ने कहा कि उनकी एकमात्र चिंता यह है कि इस्लाम के सिद्धांतों के अनुसार जो मस्जिद केवल अल्लाह की है, उसमें एक मुसलमान दूसरे मुसलमान को नमाज अदा करने से कैसे रोक सकता है.

