व्हाइट हाउस के प्रतिबंध के विरोध में अमेरिकी टेलीविज़न नेटवर्क ने ट्रम्प के कवरेज पर लगाई रोक
व्हाइट हाउस से तीन प्रमुख मीडिया संस्थानों को प्रतिबंधित करने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फैसले के विरोध में सोमवार (21 सितंबर 2026) को अमेरिकी टेलीविज़न नेटवर्कों ने एक तरह से उनके कवरेज का बहिष्कार कर दिया. 80 वर्षीय रिपब्लिकन नेता (ट्रम्प) द्वारा अमेरिकी मीडिया पर वर्षों से जारी हमलों को तेज़ करने के बीच, शुक्रवार (18 सितंबर) को ट्रम्प द्वारा सीएनएन, एमएस नाउ और पॉलिटिको को प्रतिबंधित किए जाने के बाद इन संस्थानों ने अदालत का रुख भी किया है.
‘एएफपी’ के मुताबिक, एक दुर्लभ कदम उठाते हुए, अमेरिका के शीर्ष पाँच प्रसारकों ने सोमवार (21 सितंबर) को कहा कि वे सीएनएन के साथ एकजुटता दिखाते हुए व्हाइट हाउस के "पूल" कवरेज को रोक रहे हैं—जहाँ एक प्रसारक दिन भर के लिए सभी टेलीविज़न आउटलेट्स की ओर से फ़िल्मांकन (शूटिंग) करता है.
सोमवार (21 सितंबर) को सीएनएन को व्हाइट हाउस टीवी पूल के रूप में सेवा देनी तय थी.
एबीसी, सीबीएस, सीएनएन, फॉक्स और एनबीसी ने एक संयुक्त बयान में कहा, "जनता को अपनी सरकार के बारे में सटीक और स्वतंत्र जानकारी प्राप्त करने में गहरी रुचि होती है. कोई भी प्रशासन किसी समाचार संगठन को केवल इसलिए प्रतिबंधित नहीं कर सकता क्योंकि उसे उसकी रिपोर्टिंग पर आपत्ति है."
इस कदम का अर्थ है कि न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रम्प की यात्रा का कोई टेलीविज़न कवरेज नहीं होगा, जहाँ वे कई विदेशी नेताओं से मिलने वाले थे.

