प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति ऐन वक्त पर रद्द
कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक आदेश का हवाला देते हुए 8 अगस्त को प्रयागराज के के.पी. ग्राउंड में आयोजित होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी है. ट्रस्ट ने कार्यक्रम रद्द करने के पीछे कार्यक्रम स्थल पर जलभराव का भी हवाला दिया.
‘पीटीआई’ के अनुसार, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राहुल गांधी से "डरती" है और राजनीतिक कारणों से कार्यक्रम में बाधा डाली जा रही है. कोटा और देहरादून में भी गांधी के कार्यक्रमों को इसी तरह रद्द कर दिया गया था. स्वयं राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, वह उन्हें छात्रों की आवाज़ उठाने से नहीं रोक सकती. वहीं, भाजपा ने कहा कि राहुल छोटी राजनीति में लिप्त हैं और संसद में बहस से बच रहे हैं. उनकी पार्टी (कांग्रेस) के पास झारखंड के आंदोलनरत विद्यार्थियों के लिए समय नहीं है.

