भारत में जल्द आ सकते हैं प्लास्टिक के करंसी नोट, नकदी में उछाल के बीच आरबीआई ने कहा
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) देश में पॉलीमर (प्लास्टिक) करंसी नोट जारी करने के एक प्रस्ताव पर विचार कर रहा है, गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की.
मल्होत्रा ने कहा कि यह प्रस्ताव वर्तमान में अपने शुरुआती चरण में है.
‘एक्सप्रेस वेब डेस्क’ के अनुसार, यह कदम केंद्रीय बैंक द्वारा पहली बार प्लास्टिक के करंसी नोट छापने का प्रस्ताव रखने के लगभग एक दशक बाद आया है, क्योंकि इस बीच कागजी मुद्रा (पेपर करंसी) के चलन में भारी उछाल देखा जा रहा है. कागजी मुद्रा की छपाई की उच्च लागत और बाद में उनके खराब होने (रद्दी होने) की मात्रा में वृद्धि ने संभवतः इस कदम में योगदान दिया है.
फरवरी 2014 में, सरकार ने संसद को सूचित किया था कि भौगोलिक और जलवायु विविधता के आधार पर चुने गए पांच शहरों में एक फील्ड ट्रायल (प्रायोगिक परीक्षण) के तौर पर 10 रुपये के मूल्यवर्ग के एक अरब प्लास्टिक नोट पेश किए जाएंगे. इसके लिए चुने गए शहर कोच्चि, मैसूर, जयपुर, शिमला और भुवनेश्वर थे.
तकनीकी और परिचालन संबंधी (ऑपरेशनल) मुद्दे सामने आने के कारण उस समय इस पहल को रोक दिया गया था.

