मणिपुर : तीन साल हो गए, पर जातीय हिंसा नहीं रुक रही, बंदूकधारियों के हमले में 3 कुकी ग्रामीणों की मौत, घर जलाए

3 साल हो गए, पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में जातीय हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही. ताज़ा घटना शुक्रवार (5 जून, 2026) की है, जब अज्ञात बंदूकधारियों ने सुबह करीब 4 बजे मणिपुर के कांगपोकपी जिले में एक महिला सहित तीन कुकी ग्रामीणों की हत्या कर दी और सात घरों को आग लगा दी. यह घटना कुकी बहुल जिले के सैतु-गामफाजोल उपखंड के एक छोटे से गांव लोइबोल खुल्लेन में हुई.

मणिपुर में कुकी समुदाय की शीर्ष संस्था 'कुकी इनपी मणिपुर' (केआईएम) ने इस हमले के लिए 'नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालिम' (एनएससीएन) के सदस्यों और उसके "प्रॉक्सी" (परोक्ष संगठन), जेलियानग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट के कामसन गुट पर आरोप लगाया है. एनएससीएन को नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड के इसाक-मुइवा गुट के रूप में भी जाना जाता है. नगा समूहों ने अभी तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

अलग प्रशासन की मांग

‘द हिंदू’ के अनुसार, 'कुकी-ज़ो काउंसिल' ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि कुकी-ज़ो लोगों के खिलाफ जारी अत्याचारों ने एक अलग प्रशासन की मांग के औचित्य को फिर से साबित कर दिया है.

काउंसिल ने एक बयान में कहा, "इसलिए, हम भारत सरकार से हमारी लंबे समय से चली आ रही मांगों के राजनीतिक समाधान में तेजी लाने का आव्हान करते हैं, ताकि कुकी-ज़ो लोग भारत के हर दूसरे नागरिक की तरह शांति, सुरक्षा और गरिमा के साथ रह सकें."

मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनम खेमचंद सिंह ने भी इस "क्रूर" और "कायरतापूर्ण" हमले की निंदा की और कहा, "निहत्थे नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है, और सरकार इस बर्बर कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को नहीं बख्शेगी."

शुक्रवार का यह हमला 'ऑल नगा स्टूडेंट्स एसोसिएशन, मणिपुर' द्वारा उखरुल से कांगपोकपी जिले के एक गांव तक मार्च शुरू करने के 24 घंटे से भी कम समय बाद हुआ है. यह मार्च उन छह नगा पुरुषों के परिवारों से मिलने के लिए निकाला गया था, जो 13 मई को तीन चर्च नेताओं की हत्या के तुरंत बाद से लापता हैं. दो कुकी संगठनों ने इस मार्च का विरोध किया था, उनका कहना था कि इससे तनाव पैदा हो सकता है क्योंकि यह मार्ग कुकी बहुल इलाकों से होकर गुजरता है.

Next
Next

भारत में जल्द आ सकते हैं प्लास्टिक के करंसी नोट, नकदी में उछाल के बीच आरबीआई ने कहा