मोदी के लिए नसीहत ; ‘किसी को इतना भी मत डराओ कि सारा डर खत्म हो जाए’, ‘मारो सर’ वीडियो वाले प्रदर्शनकारी की आपबीती

सोमवार दोपहर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के बीच एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. इस वीडियो में एक व्यक्ति को कई सुरक्षाकर्मियों द्वारा घेरा गया था, जो उस पर लाठियां बरसा रहे थे, जबकि वह बार-बार चिल्ला रहा था, "मारो, सर."

जैसे ही स्थिति बेकाबू हुई, पुलिस ने जंतर-मंतर स्थित विरोध स्थल पर लाठीचार्ज कर दिया, प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया और प्रदर्शन शुरू होने के समय लगाए गए तंबूओं को उखाड़ फेंका.

घटनास्थल से सामने आए कई वीडियो में से एक उस अकेले प्रदर्शनकारी का भी था, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने घेर रखा था. कई लाठियां खाने के बाद, हाथ में तिरंगा थामे एक महिला पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव किया और उसे वहाँ से ले जाने की कोशिश की.

उस व्यक्ति ने बाद में अपनी पहचान नागपुर के रहने वाले भारत बनाइत के रूप में बताई. उसने 'द इंडियन एक्सप्रेस' को बताया, "मेरे सिर पर और शरीर के हर हिस्से पर लाठियां मारी गईं. करीब 15-20 आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान मुझे मार रहे थे… यह छात्रों का प्रदर्शन है, और मैं इसके खिलाफ सरकार की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करता हूँ."

दिलचस्प यह है कि प्रदर्शनकारियों पर हुई इस कार्रवाई के बाद, दिल्ली पुलिस ने उनसे संयम बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करती है. सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे अपना प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से करें.  वे किसी भी अवैध या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें."

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने तंज़ के साथ नाना प्रकार की टिप्पणियाँ कीं. हालांकि कॉन्टेन्ट वार्निंग बताकर ‘एक्स’ से कई वीडियो हटा दिए गए. लेकिन अनेक ऐसे वीडियो शेयर किए गए जो सरकार और पुलिस के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं. मसलन, एक पत्रकार और वकील प्रभाकर मिश्रा ने एक वीडियो शेयर करते हुए टिप्पणी की, “लोकतंत्र की तस्वीर.” इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसद परिसर में दिखाया गया है, जहां वह अपने केबिनेट सहयोगियों का हंसते हुए और उनका अभिवादन स्वीकार करते दिखाई पड़ रहे हैं. इस वीडियो के नीचे ही “मारो सर” वाला वीडियो लगाया गया है. करीब 3 हजार लोगों ने इसे री-पोस्ट किया, जिनमें सीजेपी के सौरव दास भी शामिल हैं. यूटूबर ध्रुव राठी ने भी “मारो सर” वीडियो को शेयर करते हुए टिप्पणी की, “नरेंद्र मोदी के लिए नसीहत. किसी को इतना भी मत डराओ कि सारा डर खत्म हो जाए.” 

Previous
Previous

अपूर्वानंद | आज जो लोग जुलूस में आए, उन्होंने भारतीय जनतंत्र का पहला सबक सीखा और भारतीय राज्य का असली चेहरा भी देखा.

Next
Next

श्रवण गर्ग | आज देश और दुनिया ने देख लिया कि 56 इंच का दावा करने वाली सरकार भीतर से डरी हुई दिखाई देती है.