‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में साहू की ही एक अन्य रिपोर्ट बताती है कि मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद 2007 के सीआरपीएफ कैंप हमले के मामले में बरी हुए अन्य तीन लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर डर समा गया है. जेल में कई साल बिताने और अदालत से दोषमुक्त होने के बाद, इन तीनों का कहना है कि वे समझ नहीं पा रहे हैं कि शरीफ की हत्या क्यों की गई—और क्या वे खुद भी खतरे में हैं.
उन्होंने कहा, "हम हैरान हैं और यह समझ नहीं पा रहे हैं कि जिस व्यक्ति ने 17 साल जेल में बिताए हों और जिसे महज एक साल पहले ही रिहा किया गया हो, उसकी किसी से क्या दुश्मनी हो सकती है. हम उसकी हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि जहां तक हम जानते हैं, शरीफ का किसी भी विवाद में पड़ने का कोई कारण नहीं था."
जेल के बाद का जीवन और पुलिस की लगातार पूछताछ
मोहम्मद कौसर और गुलाब खान को अक्टूबर 2019 में उस समय जेल से रिहा कर दिया गया था जब रामपुर की एक स्थानीय अदालत ने उन्हें इस मामले में बरी कर दिया था. वहीं, जंग बहादुर, जिन्हें रामपुर की अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी, ने फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी और अदालत ने उन्हें बरी कर दिया. उन्हें पिछले साल नवंबर में रिहा किया गया था.
गुलाब खान ने बताया कि स्थानीय थाने के पुलिसकर्मी महीने में एक-दो बार फोन करके उनके काम और ठिकाने के बारे में पूछते हैं. उन्होंने कहा, "मुझे आज सुबह ही शरीफ की हत्या के बारे में पता चला, जब मेरे बेटे ने मुझे अपने फोन पर यह खबर दिखाई... इस खबर ने हमें डरा दिया है और हम अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं."
गिरफ्तारी से पहले गुलाब के पास एक वेल्डिंग की दुकान थी. 11 साल और आठ महीने जेल में बिताने के बाद, वे घर लौटे और अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दरवाजे-खिड़कियां बनाने का एक छोटा सा फैब्रिकेशन बिजनेस शुरू किया.
वे बरेली के बहेरी इलाके में अपने पुश्तैनी घर में अपने तीन बच्चों के साथ रहते हैं. उनका सबसे बड़ा बच्चा 25 साल का है.
गुलाब खान ने दावा किया कि रिहाई के बाद से वे उत्तर प्रदेश से बाहर नहीं गए हैं, इसके बावजूद उन्होंने कहा, "मुझे अपने ठिकाने और काम की जानकारी देने के लिए नियमित रूप से पुलिस स्टेशन बुलाया जाता है. मुझे समझ नहीं आता कि मुझे अभी भी सत्यापन के लिए क्यों बुलाया जाता है."
कौसर ने कहा कि यह खबर उनके लिए एक बड़ा झटका है. वे अपने दो बेटों के साथ एक व्यवसाय चलाते हैं (दोनों बेटे 20 साल से अधिक उम्र के हैं और अविवाहित हैं). गिरफ्तारी से पहले कौसर अपने घर से ही एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान चलाते थे.
जंग बहादुर ने बताया कि उन्हें अपने बेटे के फोन पर समाचार रिपोर्ट देखने के बाद इस हत्या की जानकारी मिली. मिलक कमरू गांव स्थित अपने घर के पास पीसीओ चलाने वाले बहादुर ने कहा, "जिस तरह से उनकी हत्या की गई, उससे यह एक सुनियोजित हमला लगता है. हमलावरों ने मोटरसाइकिल पर चलते समय उन्हें गोली मारी. हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए गहन जांच होनी चाहिए."
वे अब घर पर ही रहते हैं और उनके 10 बच्चे हैं.
मानवाधिकार संगठन 'रिहाई मंच' ने भी शरीफ की हत्या पर चिंता जताई है. रिहाई मंच के अध्यक्ष और अधिवक्ता मोहम्मद शोएब ने कहा कि पुलिस को इस बात की भी जांच करनी चाहिए कि परिवार के दावे के अनुसार आखिर क्यों शरीफ को बार-बार पुलिस स्टेशन बुलाया जा रहा था.

