ब्राज़ील: चुनाव हारने वाले फ्लेवियो बोल्सोनारो को पासपोर्ट सरेंडर करने का आदेश

राष्ट्रपति चुनाव में वामपंथी राष्ट्रपति लुईस इनासियो लुला दा सिल्वा के हाथों नाटकीय हार के कुछ ही घंटों बाद, सुदूर दक्षिणपंथी सीनेटर फ्लेवियो बोल्सोनारो के ब्राज़ील छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया और उन्हें अपने पासपोर्ट सरेंडर करने का आदेश दिया गया.

‘द गार्डियन’ के अनुसार, यह फैसला अलेक्जेंडर डी मोरेस द्वारा जारी किया गया, जो वही सुप्रीम कोर्ट के जज हैं जिन्होंने सीनेटर के पिता और पूर्व राष्ट्रपति जाइयर बोल्सोनारो पर तख्तापलट की कोशिश के मामले में मुकदमे की देखरेख की थी.

बोल्सोनारो ने एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि यह फैसला उनके भाई, एदुआर्दो बोल्सोनारो द्वारा पिछले शुक्रवार को दिए गए एक इंटरव्यू पर आधारित है, जिसमें उन्होंने अपने भाई से चुनाव हारने की स्थिति में ब्राज़ील छोड़ने का आग्रह किया था.

सोमवार रात, बोल्सोनारो की पार्टी ने चुनाव परिणाम को स्वीकार करते हुए एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया: "हम चुनावी अदालत द्वारा घोषित राष्ट्रपति पद के चुनाव परिणाम को स्वीकार करते हैं, लेकिन हमारा मानना है कि उठाए गए सवालों को एक संतुलित और लोकतांत्रिक राजनीतिक बहस के माध्यम से ठीक से स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है."

चार साल पहले अपने पिता की तरह, बोल्सोनारो ने अभी तक लुला के सामने अपनी हार स्वीकार नहीं की है.

उनके पासपोर्ट से संबंधित अदालत के संक्षिप्त आदेश में केवल एक आपराधिक मामले का हवाला दिया गया है, जिसमें संघीय पुलिस मनी लॉन्ड्रिंग (धनशोधन) योजना में फ्लेवियो बोल्सोनारो की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है. इस फैसले में उन्हें अपने दोस्त विलेर टोमाज़ के साथ किसी भी तरह का संपर्क न रखने का आदेश दिया गया है. टोमाज़ सट्टेबाजी कंपनियों से जुड़े एक वकील हैं, जिन पर पुलिस को संदेह है कि उनका इस्तेमाल लगभग 68 करोड़ पाउंड की लॉन्ड्रिंग के लिए किया जा रहा था.

अदालत ने सांसद के रूप में उनके पास मौजूद राजनयिक पासपोर्ट सहित बोल्सोनारो के सभी पासपोर्ट रद्द कर दिए और उन्हें 24 घंटे के भीतर उन्हें सौंपने का आदेश दिया.

Previous
Previous

सुशांत सिंह | चीन के सामने भारत की कूटनीतिक चुनौती और सीमा विवाद

Next
Next

चारू सुदन कस्तूरी | क्यों इजराइल और नेतन्याहू के साथ निश्चित दूरी होना चाहिए