मतदान से एक दिन पहले बंगाल की फाल्टा उपचुनाव रेस से हटे टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान

21 मई को होने वाले उपचुनाव (पुनर्मतदान) से ठीक पहले फाल्टा से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार जहांगीर खान ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है.

टीएमसी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को खान के इस फैसले की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक इसके पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमने सुना है कि जहांगीर खान ने फाल्टा उपचुनाव न लड़ने या उसमें भाग न लेने का फैसला किया है." उन्होंने आगे कहा, "हमें अभी भी उनके नाम वापस लेने के पीछे के कारणों का पता नहीं है."

‘द टेलीग्राफ’ वेब डेस्क के अनुसार, बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को उपचुनाव के प्रचार के आखिरी दिन दक्षिण 24 परगना के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में एक रोड शो किया. अधिकारी ने दावा किया कि खान के पास चुनाव से हटने के अलावा कोई विकल्प नहीं था.

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, "उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था, क्योंकि उन्हें कोई पोलिंग एजेंट तक नहीं मिलता, इसलिए उन्होंने भागने का फैसला किया."

उन्होंने एक मंदिर में 'पूजा' और 'आरती' करने के बाद रोड शो की शुरुआत की. इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे भाजपा समर्थकों के नारों से माहौल 'जय श्री राम' के उद्घोष से गूंज उठा. इसके बाद अधिकारी भाजपा उम्मीदवार देबांशु पांडा के समर्थन में एक खुली गाड़ी में सवार होकर रोड शो के लिए निकले.

4 मई से शुरू हुए प्रचार अभियान के दौरान खान या पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सहित पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता ने इस निर्वाचन क्षेत्र में कोई रैली या जनसभा नहीं की.

18 मई को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने टीएमसी नेता खान को बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर उपचुनाव लड़ने की अनुमति दी थी.  अदालत ने 24 मई तक खान के खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने का आदेश दिया था. टीएमसी नेता के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज हैं.

गौरतलब है कि पहले हुए चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोपों के बाद चुनाव रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद अब 21 मई को फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में दोबारा मतदान होना तय हुआ है. 

Previous
Previous

‘नर्क के समान, अज्ञानी एनजीओ’: मोदी प्रेस विवाद के बाद विदेश मंत्रालय और नॉर्वेजियन पत्रकार के बीच तीखी बहस

Next
Next

कुकी और नागा नाकाबंदी के बीच मणिपुर में पाँच दिन से फंसे ट्रक