प्रति व्यक्ति जीडीपी में बांग्लादेश से पीछे रहेगा भारत, आईएमएफ का अनुमान
‘स्क्रोल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अक्टूबर 2026 के विश्व आर्थिक परिदृश्य अनुमान में भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी बांग्लादेश से कम रहने का अनुमान लगाया गया है. आईएमएफ के 13 अक्टूबर को प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, 2026 में मौजूदा कीमतों पर बांग्लादेश की प्रति व्यक्ति जीडीपी 2,886 डॉलर रहने का अनुमान है, जबकि भारत के लिए यह आंकड़ा 2,749 डॉलर है.
प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) किसी देश के कुल आर्थिक उत्पादन को उसकी आबादी से विभाजित करके निकाला जाता है. यह किसी देश की प्रति व्यक्ति औसत आर्थिक उत्पादन क्षमता का संकेत देता है, हालांकि इससे आय के वितरण और लोगों के जीवन स्तर की पूरी तस्वीर सामने नहीं आती.
आईएमएफ के आंकड़ों के अनुसार, उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों में प्रति व्यक्ति जीडीपी का औसत लगभग 7,746 डॉलर है. वहीं, वैश्विक औसत करीब 15,889 डॉलर है. इन अनुमानों के मुकाबले भारत और बांग्लादेश, दोनों की प्रति व्यक्ति जीडीपी काफी कम है.
इससे पहले 14 अप्रैल को प्रकाशित एक रिपोर्ट में आईएमएफ के अनुमानों के आधार पर बांग्लादेश की प्रति व्यक्ति जीडीपी 2,911 डॉलर और भारत की 2,812 डॉलर बताई गई थी. अक्टूबर के अनुमान में दोनों देशों के आंकड़े कम हुए हैं, लेकिन बांग्लादेश भारत से आगे बना हुआ है.
वर्ष 2025 में भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी 2,675 डॉलर थी, जो बांग्लादेश के 2,635 डॉलर से थोड़ी अधिक थी. हालांकि, 2023 और 2024 में बांग्लादेश इस मामले में भारत से आगे था.
आईएमएफ का विश्व आर्थिक परिदृश्य आम तौर पर साल में दो बार प्रकाशित होता है. इसमें वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के साथ निकट और मध्यम अवधि के आर्थिक अनुमान पेश किए जाते हैं.

