ओमान तट के पास जहाज पर हुए हमले के बाद लापता भारतीय की मौत, परिवार ने की पुष्टि

ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज 'जीएफएस गैलेक्सी' पर हुए हमले के बाद लापता हुए एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है.  उनके ससुर और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बुधवार को यह जानकारी दी. 30 वर्षीय हेरंब करमरकर साइप्रस के ध्वज वाले इस कंटेनर जहाज पर मरीन इंजीनियर थे, जिस पर रविवार को ओमान के तट के पास हमला किया गया था.

साइप्रस के अधिकारियों ने बताया था कि इस जहाज पर, जिसके 24 सदस्यीय चालक दल (क्रू) में 11 भारतीय शामिल थे, एक "अज्ञात प्रक्षेपास्त्र" से हमला किया गया था.

ईरान ने कहा कि उसने जहाज पर तब हमला किया जब उसने मार्ग को सही करने की चेतावनियों के बावजूद एक अनधिकृत मार्ग से गुजरने का प्रयास किया.

करमरकर के ससुर विवेक टंडन ने ‘रॉयटर्स’ को बताया कि जहाज का संचालन करने वाली कंपनी ने उन्हें उनके दामाद की मौत की सूचना दी थी. दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह करमरकर के परिवार के संपर्क में है और उनकी सहायता के लिए यूएई के अधिकारियों और शिपिंग कंपनी के साथ समन्वय कर रहा है. हेरंब करमरकर पिछले तीन दिनों में इस क्षेत्र में मारे जाने वाले दूसरे भारतीय नाविक हैं.

इससे पहले मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के दौरान दो जहाजों पर हुए हमले में एक और भारतीय नाविक की मौत हो गई थी. नई दिल्ली (भारत सरकार) ने मंगलवार को हुई इस हत्या को लेकर ईरान के उप-राजदूत को तलब कर उनके समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया था. 

Previous
Previous

वायु प्रदूषण बीमारी के पता चलने से वर्षों पहले किडनी की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर सकता है: अध्ययन

Next
Next

एस. वाई. कुरैशी | चुनाव आयोग के ‘निष्कासन’ केंद्रित एसआईआर ने ‘लोकतंत्र को तहस-नहस कर दिया’