अयोध्या के बाद अब बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे में चोरी के आरोप, जांच के आदेश
‘द हिंदू’ के मुताबिक, अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के आरोपों के बाद अब बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे में चोरी के आरोप सामने आए हैं. इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित करने का फैसला किया गया है. साथ ही संबंधित कर्मचारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे का भी खंडन किया, जिसमें एक कर्मचारी को उनका ‘निजी सचिव’ बताया गया था. द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति उनका निजी सचिव नहीं, बल्कि बीकेटीसी का नियमित सरकारी कर्मचारी है.
उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि जांच समिति उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी.
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम, 1939 और कर्मचारी आचरण नियमों के तहत कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

