इस स्तर पर अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक पर यूएपीए के तहत आरोप नहीं लगा सकते: एनआईए प्रमुख

‘स्क्रोल’ के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के प्रमुख ने कहा है कि अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों ने जिन लोगों को सैन्य प्रशिक्षण दिया था, उनकी पहचान भारतीय विद्रोहियों के रूप में स्थापित होने के बाद ही उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आरोप लगाए जा सकते हैं. उन्होंने शुक्रवार को द हिंदू से बातचीत में यह बात कही.

मैथ्यू वैनडाइक को छह यूक्रेनी नागरिकों के साथ मार्च में गिरफ्तार किया गया था. एनआईए ने आरोप लगाया था कि वे भारत के लिए शत्रुतापूर्ण म्यांमार के जातीय सशस्त्र समूहों को हथियार और सैन्य उपकरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें प्रशिक्षण देने में शामिल थे.

वैनडाइक अमेरिका स्थित संगठन ‘सन्स ऑफ लिबर्टी इंटरनेशनल’ के प्रमुख हैं. यह संगठन दावा करता है कि वह आतंकवादियों और विद्रोहियों से अपनी रक्षा करने में सक्षम बनाने के लिए कमजोर समुदायों को सुरक्षा परामर्श, प्रशिक्षण और हथियार उपलब्ध कराता है.

8 सितंबर को एनआईए ने सातों विदेशी नागरिकों के खिलाफ 2025 के आव्रजन और विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने, रहने और आवाजाही करने के आरोप में आरोपपत्र दाखिल किया था. हालांकि, उन्हें पहले गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था, लेकिन आरोपपत्र में एजेंसी ने केवल आव्रजन संबंधी उल्लंघनों के आरोप लगाए.

जांचकर्ताओं का आरोप है कि सातों विदेशी नागरिक वैध वीजा पर भारत आए थे, लेकिन बाद में अनिवार्य प्रतिबंधित क्षेत्र परमिट के बिना मिजोरम चले गए. उन पर भारत से म्यांमार जाने और भारत के विरोधी जातीय समूहों से मुलाकात करने का भी आरोप है. अधिकारियों के मुताबिक, मिजोरम में रहते हुए उन्हें यूरोप से ड्रोन के जरिए सामान भी भेजा गया था.

रिपोर्ट के मुताबिक, सातों को भारत छोड़ने की कोशिश के दौरान दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था. 24 सितंबर को दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें एक महीने के लिए अपने देशों की यात्रा करने की अनुमति दी थी, बशर्ते वे वापस लौटें और जांच में सहयोग करें. 23 अक्टूबर को अदालत ने जांच लंबित रहने के दौरान विदेश में रहने की उनकी अनुमति फरवरी तक बढ़ा दी. यह फैसला एजेंसी की ओर से जांच के लिए अतिरिक्त समय मांगे जाने के बाद लिया गया था.

शुक्रवार को एनआईए प्रमुख राकेश अग्रवाल ने बताया कि सातों के खिलाफ आतंकवाद संबंधी आरोप क्यों नहीं लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि जब तक एजेंसी उन लोगों की पहचान स्थापित नहीं कर लेती, जिन्हें आरोपियों ने प्रशिक्षण दिया था, तब तक यूएपीए के तहत आरोप लगाना संभव नहीं होगा, क्योंकि प्राथमिकी में यही आरोप लगाया गया है.

अग्रवाल के मुताबिक, जांच का दूसरा चरण उन विद्रोहियों की पहचान करना है, जिन्हें आरोपियों ने प्रशिक्षण दिया था. उन्होंने कहा कि आरोपी वैध वीजा पर भारत आए थे, लेकिन बाद में अवैध रूप से म्यांमार गए, जहां उन्होंने कुछ विद्रोहियों को प्रशिक्षण दिया. इनमें से कुछ के भारतीय विद्रोही होने का संदेह है. इसके बाद वे अवैध रूप से भारत लौटे और उनके खिलाफ इसी आधार पर आरोप लगाए गए.

उन्होंने कहा कि एजेंसी यह स्थापित करने की कोशिश कर रही है कि प्रशिक्षित लोगों में कोई भारतीय विद्रोही समूह या ऐसे लोग शामिल थे, जिन्हें इस प्रशिक्षण से लाभ मिला. यदि यह साबित होता है, तो उनके खिलाफ यूएपीए के तहत आरोप लगाए जाएंगे. एनआईए प्रमुख ने यह भी कहा कि यदि वैनडाइक मुकदमे के लिए भारत नहीं लौटते हैं, तो एजेंसी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेगी.

अग्रवाल ने वैनडाइक की हिरासत में यातना दिए जाने संबंधी आरोपों को भी खारिज किया. द टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, उन्होंने कहा कि अमेरिकी नागरिक ने न्यायिक हिरासत के दौरान छह बार अदालत में पेश होने के बावजूद ऐसी कोई शिकायत नहीं की थी.

Previous
Previous

“जिन लोगों ने मेरी जिंदगी में अंधेरा फैलाया, वे अब पूरे देश को अंधकार में धकेल रहे हैं”: बिलकिस बानो

Next
Next

मणिपुर के चंदेल जिले में मिलावटी शराब पीने से 12 लोगों की मौत, 180 से अधिक बीमार