‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मणिपुर के चंदेल जिले के चकपिकारोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों में संदिग्ध मिलावटी शराब पीने से बुधवार से शुक्रवार के बीच कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 180 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक सभी पुरुष हैं और उनकी उम्र 32 से 50 वर्ष के बीच है. ज्यादातर मौतें उपमंडल के पांच गांवों में हुई हैं.
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शुक्रवार शाम इंफाल पश्चिम जिले के शिजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट और इंफाल पूर्वी जिले के बाबिना अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने वहां भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और मामले की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि शिजा अस्पताल में 140 से अधिक मरीज भर्ती हैं, जबकि बाबिना अस्पताल में 41 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है. स्थिति से निपटने के लिए सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञों सहित चिकित्सकों की एक टीम और आवश्यक दवाएं चंदेल जिले भेजी गई हैं.
जिला प्रशासन ने बताया कि मौतों का सटीक कारण अभी चिकित्सकीय और वैज्ञानिक रूप से स्थापित नहीं हुआ है और इसकी जांच की जा रही है. एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित इलाकों के लोगों से अगले आदेश तक स्थानीय स्तर पर बनी शराब या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है.
प्रशासन ने यह भी कहा कि शराब पीने के बाद उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना या सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें और लक्षणों के गंभीर होने का इंतजार न करें. प्रशासन ने संदिग्ध शराब के उसी स्रोत से शराब पीने वाले अन्य लोगों से भी चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की है, भले ही उनमें कोई लक्षण दिखाई न दे रहे हों.
चंदेल जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि जिस शराब के सेवन की जानकारी सामने आई है, उसे पड़ोसी काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदा गया था. उन्होंने स्पष्ट किया कि चंदेल जिले में पारंपरिक या स्थानीय शराब बनाने अथवा उसके उत्पादन की कोई ज्ञात गतिविधि नहीं है.

