‘रॉयटर्स’ के अनुसार, भारत की राजधानी दिल्ली शुक्रवार को पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया. 2 करोड़ की आबादी वाले इस शहर में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई और घने स्मॉग (धुंध) की चादर के कारण दृश्यता काफी कम हो गई.
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मापने वाले स्विस समूह 'आईक्यूएयर' के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 334 दर्ज किया गया, जो इसे दुनिया का सबसे प्रदूषित प्रमुख शहर बनाता है. यह समूह जहरीले तत्वों की सांद्रता के आधार पर वायु गुणवत्ता के स्तर को मापता है.
जानकारी के अनुसार, 50 तक का एक्यूआई स्तर अच्छा माना जाता है, जिसमें स्वास्थ्य को बहुत कम या कोई जोखिम नहीं होता है.
भारत के आधिकारिक केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने एक्यूआई इससे अधिक यानी 403 दर्ज किया और इसे "गंभीर" श्रेणी में रखा. वायु प्रदूषण के स्तर की गणना और वर्गीकरण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अलग-अलग एक्यूआई पैमानों और कार्यप्रणालियों के कारण स्विस और भारतीय आंकड़ों में अंतर है.
समाचार एजेंसी एएनआई के वीडियो में दिखाया गया कि घने स्मॉग के बीच से कारें और मोटरसाइकिलें बाहर निकल रही थीं, जिससे शहर की मुख्य सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें भी धुंधली नजर आ रही थीं.
उत्तर भारत के कई हिस्सों और पड़ोसी पाकिस्तान में प्रदूषण एक मौसमी समस्या है, क्योंकि सर्दियों की ठंडी और भारी हवाएं वाहनों के धुएं, निर्माण कार्य की धूल और पराली/फसल अवशेष जलाने के धुएं को हवा में ही फंसा लेती हैं.

