आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) की इंटरनेशनल माइग्रेशन आउटलुक 2026 रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2024 के बीच 9.2 लाख से अधिक भारतीयों ने संगठन के सदस्य देशों की नागरिकता हासिल की. 38 देशों वाले इस अंतर-सरकारी संगठन के सदस्य दुनिया की सबसे विकसित अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हैं.
2020 से 2024 के दौरान ओईसीडी देशों की नागरिकता हासिल करने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 9.2 लाख हो गई, जबकि 2015 से 2019 के बीच यह आंकड़ा 6.5 लाख था. इस तरह इसमें 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. इस बढ़ोतरी की एक प्रमुख वजह उन भारतीयों की संख्या में इजाफा होना है, जो पहले अस्थायी वीजा पर इन देशों में गए और बाद में वहां की नागरिकता हासिल कर ली.
इस अवधि में सबसे अधिक 2.6 लाख भारतीयों ने कनाडा की नागरिकता हासिल की. 2015 से 2019 की तुलना में यह 150 प्रतिशत की वृद्धि है. अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में भी बड़ी संख्या में भारतीयों ने नागरिकता प्राप्त की. रिपोर्ट के अनुसार, कनाडा, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड भारतीयों के लिए नागरिकता हासिल करने के प्रमुख देश रहे. अकेले 2024 में इन पांच देशों में करीब 2.3 लाख भारतीयों को नागरिकता मिली.
दिसंबर 2025 में केंद्र सरकार ने भी संसद को बताया था कि 2020 से 2024 के बीच करीब नौ लाख लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी. विदेश मंत्रालय के अनुसार, 2020 में 85,256 लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ी थी. यह संख्या 2021 में बढ़कर 1.6 लाख, 2022 में 2.2 लाख, 2023 में 2.1 लाख और 2024 में दो लाख हो गई.
रिपोर्ट में भारतीय छात्रों के विदेश जाने के रुझान का भी उल्लेख किया गया है. 2024 में ओईसीडी सदस्य देशों में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 8.2 लाख थी. इस मामले में भारत दूसरे स्थान पर रहा, जबकि चीन के 8.5 लाख छात्र इन देशों के विश्वविद्यालयों में नामांकित थे. रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दशक में दोनों देशों के बीच का अंतर काफी कम हुआ है. 2015 से 2024 के बीच ओईसीडी देशों में भारतीय छात्रों की संख्या लगभग चार गुना बढ़ गई.
हालांकि, 2024 में ओईसीडी के 38 सदस्य देशों में कुल स्थायी प्रवासन में गिरावट दर्ज की गई. संगठन के सदस्य देशों में स्थायी प्रवासन का वैश्विक औसत 2024 में 4.7 प्रतिशत और 2025 में 1.6 प्रतिशत घटा. भारत से इन देशों में प्रवासन में इससे भी अधिक, 19 प्रतिशत की गिरावट आई. 2024 में पांच लाख से कम भारतीय इन देशों में गए. इसके बावजूद भारत प्रवासियों के मूल देशों में पहले स्थान पर बना रहा.
रिपोर्ट के अनुसार, इस गिरावट की प्रमुख वजह ब्रिटेन जाने वाले भारतीयों की संख्या में कमी थी. 2024 में ब्रिटेन जाने वाले भारतीयों की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले आधी रह गई और घटकर 66 हजार हो गई. ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और अमेरिका सहित संगठन के अन्य देशों में भी भारतीयों का प्रवासन घटा, लेकिन वहां यह गिरावट अपेक्षाकृत कम रही.

