मणिपुर में ‘आर्थिक नाकेबंदी’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज, कुकी-ज़ो समूहों ने ‘बफर जोन’ में घुसने की कोशिश की
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार (30 जून 2026) को उस समय तनाव बढ़ गया जब कुकी-ज़ो प्रदर्शनकारियों ने कांगपोकपी और इम्फाल पश्चिम जिलों की सीमा पर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय राजमार्ग-2 के माध्यम से कांगपोकपी में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को फिर से बहाल करने की मांग कर रहे थे.
यह घटनाक्रम नागा समूहों द्वारा पिछले डेढ़ महीने से जारी 'आर्थिक नाकेबंदी' के बीच हुआ, जिसके तहत दोनों समुदायों के बीच तनाव बढ़ने के कारण कुकी-ज़ो क्षेत्रों में सामानों और आपूर्ति के प्रवेश को रोक दिया गया है. सुकृता बरुआ और जिमी लेइवोन की रिपोर्ट है कि कुकी-ज़ो बहुल जिला कांगपोकपी इससे सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है, क्योंकि जिन दो मुख्य मार्गों से जिले में सामान आता है, उन्हें नागा बहुल सेनापति जिले और राज्य की राजधानी में नागा समूहों द्वारा अवरुद्ध (ब्लॉक) कर दिया गया है.
मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने कांगपोकपी जिले के गामगीफाई से आगे 'बफर जोन' की ओर मार्च किया. यह बफर जोन मैतेई और कुकी-ज़ो आबादी वाले क्षेत्रों के बीच स्थित है, जहाँ मई 2023 से दोनों समुदायों के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान सुरक्षा बलों की भारी तैनाती रही है. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इसी जगह पर सामानों की आवाजाही को रोका जा रहा है.
'बफर जोन' पर तैनात सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों के जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कुछ देर के लिए आमना-सामना हुआ. तनाव बढ़ता देख, सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने और उन्हें 'बफर जोन' पार करने से रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े.
मणिपुर में संघर्ष और विरोध प्रदर्शनों के दौरान राजमार्गों को अवरुद्ध करना एक आम बात रही है, और अतीत में कांगपोकपी के कुकी-ज़ो समूहों द्वारा भी कई अवसरों पर ऐसा किया गया है. लेकिन अब जब यह संघर्ष त्रिकोणीय रूप ले चुका है — यानी कुकी-ज़ो और मैतेई के बीच, तथा कुकी-ज़ो और नागा समुदायों के बीच — तो कांगपोकपी के समूह खुद को भौगोलिक रूप से तेजी से अलग-थलग पा रहे हैं.

