‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, वेबसाइट भी बंद

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने उनकी वेबसाइट बंद करवा दी है, जबकि उनके इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया एकाउंट्स को भी हैक कर लिया गया है.

‘स्क्रोल’ के मुताबिक, दिपके ने शनिवार को कहा कि उनकी वेबसाइट के माध्यम से लगभग 10 लाख लोग इस अभियान से जुड़े थे. इसके अलावा करीब 6 लाख लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर हस्ताक्षर किए थे. यह मांग राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद उठी थी.

दीपके ने सवाल उठाते हुए कहा, “सरकार कॉकरोच से इतनी डरी हुई क्यों है?” उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के बेहतर भविष्य की मांग को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि “कॉकरोच कभी मरते नहीं हैं” और उनका समूह नया डिजिटल मंच तैयार कर रहा है.

इससे पहले दिपके ने दावा किया था कि “कॉकरोच जनता पार्टी” का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है. उनका कहना था कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी प्रभावित हुआ है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा ने उनके वैकल्पिक अकाउंट को भी हटा दिया.

अभियान का एक्स अकाउंट भी गुरुवार को भारत में रोक दिया गया था. हालांकि कुछ घंटों बाद एक नया अकाउंट शुरू किए जाने की जानकारी दी गई. शनिवार सुबह दिपके ने कहा कि अब उन्हें अभियान के किसी भी सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुंच नहीं है और उसके बाद किए गए संदेशों को आधिकारिक बयान न माना जाए.

उन्होंने एक अन्य संदेश में कहा कि “कार्रवाई शिक्षा मंत्री के खिलाफ होनी चाहिए थी, लेकिन नए भारत में जवाबदेही मांगने वाली कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.”

इस बीच अभियान की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि देश में किसी विरोध प्रदर्शन का आधिकारिक आह्वान नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा गया कि सरकार किसी भी अप्रिय घटना का इस्तेमाल पूरे आंदोलन को बदनाम करने के लिए कर सकती है, इसलिए समर्थकों से शांतिपूर्ण रहने की अपील की गई.

यह बयान उस समय आया जब बेंगलुरु पुलिस ने कहा कि शहर के टाउन हॉल के पास किसी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है. सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी कर्नाटक” के नाम से एक पोस्टर प्रसारित हुआ था, जिसमें रविवार को मानव श्रृंखला बनाने की अपील की गई थी.

पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे संदेशों को सामाजिक माध्यम मंचों पर साझा न करें और टाउन हॉल के पास एकत्रित न हों.

हरियाणा के रोहतक में भी “कॉकरोच जनता पार्टी” के बैनर तले प्रदर्शन की खबरें सामने आई थीं.

Previous
Previous

श्रवण गर्ग | क्या सीजेआई द्वारा की गई एक टिप्पणी, 140 करोड़ के देश में किसी बड़े आंदोलन का ट्रिगर बन सकती है? 

Next
Next

मोदी मॉडल : कैसे नीतिगत विफलताओं को “राष्ट्रीय त्याग” में बदला गया