‘पीटीआई’ के मुताबिक, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने आरोप लगाया है कि पार्टी से अलग हुए डेमोक्रेटिक टीएमसी गुट ने पुलिसकर्मियों की मदद से चुनाव आयोग के समक्ष पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर अपना दावा मजबूत करने के लिए फर्जी हलफनामे तैयार किए.
टीएमसी के कोषाध्यक्ष और पूर्व सांसद सुभाषिष चक्रवर्ती ने 20 नवंबर को कोलकाता के कालीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में डेमोक्रेटिक टीएमसी के अध्यक्ष अरूप रॉय, नेता ऋतब्रत बनर्जी और नानूर थाने के कुछ पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं.
पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद चुनाव आयोग के समक्ष लंबित है. अलग हुए गुट ने दावा किया है कि वह असली टीएमसी है और हावड़ा के विधायक अरूप रॉय पार्टी के अध्यक्ष हैं, जबकि ममता बनर्जी अब पार्टी की अध्यक्ष नहीं हैं.
शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 से 27 अक्टूबर के बीच नानूर थाने के पुलिसकर्मियों और नागरिक स्वयंसेवकों ने आसपास के गांवों की मतदाता सूची से लोगों की जानकारी जुटाकर हलफनामे तैयार किए. दावा है कि ये दस्तावेज उन लोगों के नाम पर बनाए गए, जो न तो वहां मौजूद थे और न ही उन्होंने किसी को अपनी ओर से हस्ताक्षर करने की अनुमति दी थी. शिकायतकर्ता ने हस्ताक्षरों को भी फर्जी बताया.
आरोप है कि इन हलफनामों के जरिए चुनाव आयोग के सामने अरूप रॉय के नेतृत्व वाले गुट के समर्थन का कृत्रिम रिकॉर्ड तैयार किया गया. दस्तावेजों में कथित तौर पर संबंधित लोगों ने अरूप रॉय को पार्टी नेता चुनने और ममता बनर्जी को नेतृत्व के रूप में स्वीकार नहीं करने की बात कही थी.
सुभाषिष चक्रवर्ती ने जांच के लिए सबूत उपलब्ध कराने की बात कही है. आरोपों पर संबंधित नेताओं और पुलिस की प्रतिक्रिया तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी. माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने मामले की जांच कराने की मांग की.

