री-इवैल्यूएशन के बाद सीबीएसई कक्षा 12 की छात्रा ने हासिल किए 500 में 500 अंक
सीबीएसई कक्षा 12 की छात्रा अवनी केजरीवाल ने पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के बाद 500 में 500 अंक हासिल कर एक अनोखी मिसाल पेश की है. झारखंड के रांची स्थित डीपीएस रांची की छात्रा अवनी को प्रारंभिक परिणाम में 95.2 प्रतिशत अंक मिले थे, लेकिन उन्हें अपने कुछ विषयों के अंकों पर संदेह था.
‘इंडियन एक्सप्रेस’ के मुताबिक, 13 मई को घोषित परिणाम में अवनी को अंग्रेजी में 81 और बिजनेस स्टडीज में 95 अंक मिले थे. उनका कहना है कि स्कूल में उनका प्रदर्शन हमेशा बेहतर रहा था, इसलिए उन्हें लगा कि उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच करानी चाहिए. इसके बाद उन्होंने सीबीएसई की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के तहत आवेदन किया.
री-इवैल्यूएशन के बाद अवनी के अंक संशोधित हुए और उन्हें पांचों विषयों में कुल 500 में 500 अंक प्राप्त हुए. इस उपलब्धि के साथ वह सीबीएसई की संभावित राष्ट्रीय टॉपरों में शामिल हो सकती हैं.
अवनी ने कहा कि उनके परिवार वाले शुरुआती अंकों से संतुष्ट थे, लेकिन उन्हें विश्वास था कि उनके प्रदर्शन के अनुरूप अंक नहीं मिले हैं. उन्होंने परिणाम की समीक्षा के लिए आवेदन किया और आखिरकार उन्हें पूर्ण अंक प्राप्त हुए.
अपनी पढ़ाई की रणनीति के बारे में अवनी का कहना है कि वह पढ़ाई को घंटों में नहीं मापतीं. उनके अनुसार, हर दिन तय किए गए विषयों और लक्ष्यों को पूरा करना ज्यादा महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि चाहे किसी लक्ष्य को पूरा करने में जितना भी समय लगे, उसे पूरा करना जरूरी है.
अवनी ने छात्रों को सोशल मीडिया का सीमित और संतुलित उपयोग करने की सलाह भी दी. उनका मानना है कि सोशल मीडिया पढ़ाई में बाधा नहीं बनना चाहिए.
भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए अवनी ने कहा कि वह आगे उच्च शिक्षा हासिल करना चाहती हैं और भविष्य में अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना रखती हैं.
डीपीएस रांची की प्राचार्य डॉ. जया चौहान ने अवनी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता उनके समर्पण, एकाग्रता और निरंतर मेहनत का परिणाम है. उन्होंने कहा कि अवनी की उपलब्धि न केवल स्कूल के लिए गर्व की बात है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है.

