घरेलू एयरलाइंस के लिए जेट ईंधन की कीमतों में 13% की बढ़ोतरी, वाणिज्यिक एलपीजी भी महंगे
‘डेक्कन हेराल्ड’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को घरेलू एयरलाइंस के लिए जेट ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में करीब 13% या 15.8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. इसके बाद एटीएफ की कीमत बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है. यह लगातार तीसरा महीना है, जब विमानन ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं.
इससे पहले सितंबर में एटीएफ की कीमत 6.2 रुपये प्रति लीटर और अगस्त में 5 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई थी. ताजा बढ़ोतरी से एयरलाइंस की परिचालन लागत पर दबाव बढ़ेगा, क्योंकि विमानन ईंधन उनके कुल परिचालन खर्च का लगभग 40% होता है.
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण वैश्विक तेल कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों ने भी विमानन कंपनियों की परिचालन लागत बढ़ाई है.
26 अप्रैल को एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने केंद्र सरकार को बताया था कि देश का विमानन क्षेत्र परिचालन बंद करने की स्थिति के करीब पहुंच रहा है. एयरलाइंस ने मौजूदा परिस्थितियों से निपटने के लिए तत्काल और सार्थक वित्तीय सहायता देने की मांग की थी.
13 मई को एयर इंडिया ने घोषणा की थी कि हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों और जेट ईंधन की रिकॉर्ड ऊंची कीमतों के कारण वह जून से अगस्त तक कुछ अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करेगी.
वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर भी महंगे
गुरुवार से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में करीब 62.5 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है. यह वृद्धि व्यावसायिक और औद्योगिक उपयोग में आने वाले सिलेंडरों पर लागू होगी. घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,810 रुपये और मुंबई में 2,764 रुपये हो गई है. ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, पटना में कीमत 71.5 रुपये बढ़कर 3,100.5 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गई है. चेन्नई में इसकी कीमत बढ़कर 2,983 रुपये हो गई है.
भारत अपनी प्राकृतिक गैस की जरूरत का लगभग आधा और कच्चे तेल की जरूरत का 88% आयात करता है. इनका अधिकांश हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आता है. पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से यह जलमार्ग प्रभावी रूप से बाधित रहा है.

