कोलकाता के पूर्वी बाहरी इलाके की एक महिला ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 13 वर्षीय बेटी को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया. आरोप है कि आरोपियों ने इस घिनौनी हरकत का वीडियो बना लिया और उसके जरिए पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं.
‘पीटीआई’ के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि शिकायत में महिला ने अपनी बेटी के दोस्त और कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया है, साथ ही पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) के लिए भेज दिया गया है.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "शिकायत के अनुसार, यह लड़की 24 अक्टूबर को बागुआटी स्थित अपने घर से बिराती में एक दोस्त से मिलने के लिए निकली थी, जिसके बाद उसका कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया."
उन्होंने बताया, "यह आरोप लगाया गया है कि अपहरण के बाद लड़की को हुगली जिले के बांदेल इलाके के एक होटल में ले जाया गया, जहाँ उसे जबरन नशीला पदार्थ मिला हुआ कोल्ड ड्रिंक पिलाया गया और फिर कई लोगों द्वारा उसका यौन उत्पीड़न किया गया."
पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमें शिकायत मिल गई है और हमने जांच शुरू कर दी है. हम सभी आरोपों की गहराई से जांच कर रहे हैं और विवरणों का सत्यापन कर रहे हैं." उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी या हिरासत की सूचना नहीं है.

